स्नातक और स्नातकोत्तर में प्रवेश के लिए बरेली कॉलेज इस बार आनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू नहीं करा पाएगा। पहले कॉलेज ने इसकी तैयारी की थी लेकिन ऐन मौके पर यह संभव नहीं हो सका। प्राचार्य डॉ. सोमेश यादव ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया आफलाइन ही करा सकेंगे। हालांकि यह साफ नहीं हुआ है कि प्रवेश फार्मों का वितरण कब से शुरू होगा। कॉलेज प्रशासन ने इसके लिए 20 जून की तिथि प्रस्तावित की थी, लेकिन प्राचार्य ने बताया-प्रस्तावित तिथि टल सकती है लेकिन पूरी कोशिश है कि इसी महीने फार्मों का वितरण शुरू कराया जाए। वैसे, कॉलेज ने फार्म छपने भेज दिए हैं। संभव है कि फार्म छपकर आने में कुछ समय लग जाए।
बता दें कि बरेली कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया पर इसलिए सबकी नजरें लगी हुई हैं क्योंकि अधिकांश छात्र-छात्राएं यहां प्रवेश चाहते हैं। पिछले वर्षों में स्नातक और स्नातकोत्तर में प्रवेश के लिए 40 हजार छात्र-छात्राओं के आवेदन आए थे।
इंसेट...
बरेली कॉलेज में यह हैं सीटें
-बीए (प्रथम वर्ष में सीटें- 1640)- सामान्य हिंदी, हिंदी साहित्य, संस्कृत, सामान्य अंग्रेजी, अंग्रेजी साहित्य, दर्शनशास्त्र, उर्दू, फारसी, अर्थशास्त्र, राजनीति शास्त्र, समाजशास्त्र, इतिहास, सैन्य अध्ययन, भारतीय संगीत गायन-वादन, शिक्षाशास्त्र, ड्राइंग एंड पेंटिंग, गणित, सांख्यिकी। सेल्फ फाइनेंस में मनोविज्ञान, भूगोल और गृहविज्ञान।
-बीएससी प्रथम वर्ष- प्राणि विज्ञान (सीटें- 720), गणित समूह- (सीटें- 880)
-बीकॉम प्रथम वर्ष- सीटें 1040
इंसेट...
साहू रामस्वरूप में 25 से मिलेंगे फार्म
बरेली कॉलेज भले ही पूर्व प्रस्तावित तिथि में प्रवेश प्रक्रिया शुरू नहीं कर पा रहा है लेकिन शहर के साहू रामस्वरूप महिला महाविद्यालय ने पूर्व निर्धारित तिथि पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू कराने का ऐलान कर दिया। यहां 25 जून से प्रवेश के लिए आवेदन फार्म मिलने से शुरू हो जाएंगे। प्राचार्य डॉ. शशिबाला राठी ने बताया कि जुलाई के द्वितीय सप्ताह में मेरिट लिस्ट भी घोषित कर दी जाएगी।