बरेली। बदायूं के एनएमएसएन दास पीजी कॉलेज ने एडमिशन के दौरान छात्राओं को आरक्षण का लाभ नहीं दिया। छह छात्राओं ने मामले को लेकर क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश प्रकाश से शिकायत की है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
शिकायत में कहा है कि शासनादेश के अनुसार छात्राओं को एडमिशन के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण दिया जाना चाहिए। उन्होंने बीए प्रथम वर्ष में एडमिशन के लिए बदायूं कि एनएमएसएन दास पीजी कॉलेज में आवेदन किया था। जब मेरिट लिस्ट जारी की गई तो आरक्षण लागू नहीं किया गया। इससे उनके समेत तमाम छात्राएं आरक्षण का लाभ पाने से वंचित रह गईं। छात्राओं का कहना है कि सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा लगा रही है लेकिन कॉलेज प्रशासन इसका पलीता लगा रहा है। उनकी आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत नहीं है कि निजी शिक्षण संस्थान से पढ़ाई कर सकें इसलिए उन्हें न्याय दिलाया जाए। क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश प्रकाश ने मामले की जांच विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंपी है।