कस्तूरबा स्कूल में चोर का मचा शोर
कस्तूरबा गांधी स्कूल हाफिजगंज की वार्डन ने रविवार रात स्कूल में चोर घुसने और छात्राओं के भयभीत होने का जिक्र कर वीडियो जारी किया है। रात में सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी खोजबीन की लेकिन नहीं कोई मिला। कस्तूरबा आवासीय विद्यालय की वार्डन सपना पांडे ने बताया है कि चार दिन से स्कूल के ऊपर ड्रोन उड़ता दिख रहा है।
उन्होंने चौंकाने वाली बात बताई कि रविवार रात 11 बजे काले कपड़े में एक व्यक्ति ने आकर खिड़की पर हाथ मारा। स्कूल में छात्राएं और महिला स्टाफ ही था। यह देखकर उन लोगों ने शोर मचाया। छात्राएं बहुत भयभीत हो गई थीं। शोर मचाने पर आसपास के लोग आए। पुलिस भी आई, लेकिन छानबीन के दौरान कुछ भी ऐसा नहीं मिला।
यह भी पढ़ें- छात्रा की हत्या: मंगेतर निकला कातिल, मंदिर चलने के बहाने बुलाया, कार में मार डाला; इस बात से था खफा
एसएसपी बोले- गांवों में चलाएंगे जागरुकता अभियान
एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि गांवों से यूपी 112 पुलिस के पास इस तरह की कॉल्स आ रही हैं कि उनके यहां ड्रोन उड़ता दिखा है। जब पुलिस वहां जाती है तो ड्रोन नहीं दिखता। इससे लग रहा है कि ड्रोन से ज्यादा अफवाह फैल रही है। शादी व धार्मिक आयोजनों में भी आजकल ड्रोन का इस्तेमाल हो रहा है। ऐसे में इन लोगों को भी सलाह दी गई है कि वह ड्रोन का इस्तेमाल करने से पहले पुलिस को सूचना दें ताकि पुलिस उस क्षेत्र के लोगों को पहले यह स्पष्ट कर सके। ड्रोन को बिना किसी उद्देश्य के नहीं उड़ाया जा सकता।
एसएसपी ने लोगों से अपील की कि किसी संदिग्ध व्यक्ति को देखें तो पुलिस को सूचना दें, न कि खुद ही कानून हाथ में लें। ग्राम सुरक्षा समिति, सरकारी कर्मचारी, मीडिया के जरिये लोगों को पुलिस यह बताने का प्रयास करेगी कि इस तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।