दो महीने पहले विकास कार्य संबंधी वार्ड की समस्याओं को लेकर नगर पालिका पहुंचे सभासद से चेयरमैन द्वारा दुर्व्यवहार व अभद्रता करने के मामले की शिकायत को डीएम ने गंभीरता से लिया है। डीएम कार्यालय ने एसडीएम को पुन: अनुस्मारक पत्र भेजकर स्थलीय जांचकर अतिशीघ्र कराकर रिपोर्ट भेजने को कहा है।
अपरजिलाधिकारी की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि पहले भी इस संबंध में पत्र भेजा गया था, जिसमें स्पष्ट रूप से कहा गया था कि मामले की जांच कर एक सप्ताह में रिपोर्ट देनी है, पर आज तक रिपोर्ट नहीं भेजी गई है। एसडीएम विदुषी सिंह ने मामले में पालिका अधिशासी अधिकारी को मामले की जांच कर अतिशीघ्र रिपोर्ट देने को कहा है।
ज्ञातव्य हो कि दो महीने पहले वार्ड संख्या पांच के सभासद व भाजपा सेक्टर संयोजक सूरज पाल मौर्य ने पूर्व चेयरमैन संजीव सक्सेना व पार्टी से जुड़े अन्य कार्यकर्ताओं के साथ एसडीएम सहित उच्चाधिकारियों को ज्ञापन देकर पालिका अध्यक्ष पर गाली-गलौज करने व अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया था। बाद में इस मामले में उनकी ओर से चेयरमैन पर रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। संवाद