बरेली। काम पूरा होने से पहले ही शुरू हुआ आईवीआरआई अंडरपास अब हादसे की आशंका पैदा कर रहा है। दरअसल आईवीआरआई ओवरब्रिज अधूरा पड़ा हुआ है लिहाजा अब भारी वाहनों ने भी इस अंडरपास को अपने लिए शॉर्टकट मान लिया है। रविवार रात कोई ओवरलोड भारी वाहन गुजरा अंडरपास के बाहर लगा लोहे का हाइटगेज बैरियर क्षतिग्रस्त हो गया। भारी वाहनों के लिए जिस बोर्ड पर चेतावनी लिखी है, वह भी टेढ़ा हो गया। रेलवे भारी वाहनों को अंडरपास से न गुजरने देने की जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहा है।
आईवीआरआई क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज और दो अंडरपास का निर्माण हो रहा है। ओवरब्रिज का निर्माण सेतु निगम और रेलवे दोनों को ही पूरा कराना है। ओवरब्रिज से बड़े, छोटे सभी तरह के वाहन गुजरेंगे, जबकि रेलवे की तरफ से बनवाए जा रहे दोनों अंडरपास के अंदर केवल छोटे वाहनों को ही निकलने की अनुमति दी गई है। अंडरपास के ऊपर लोहे के पोल और जाल की मदद से फाइबर शेड लगना है। अंडरपास से होकर भारी वाहन के गुजरने पर खतरे की आशंका को देखते हुए दोनों सिरों पर लोहे के एंगल का हाइटगेज और चेतावनी बोर्ड लगाया गया है, लेकिन रेलवे स्टाफ के निगरानी न करने से निर्माणाधीन अंडरपास के अंदर से रात में बड़े और ओवरलोड वाहनों का निकलना शुरू हो गया है। रात में किसी बड़े वाहन के टकराने से स्टेशन की ओर बन रहे अंडरपास के आईवीआरआई साइड का हाइटगेज क्षतिग्रस्त होकर टेड़ा हो गया है। इसके गिरने से कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है। इसके बावजूद रेलवे ने यहां बड़े वाहनों को रोकने का कोई इंतजाम नहीं किया है।
नैनीताल रोड से डेलापीर मंडी जाने वाले पर वाहनों को छूट
स्थानीय लोगों का कहना है कि नैनीताल रोड से डेलीपीर मंडी की ओर जाने वाले वाहन इस अंडरपास से रात में गुजर रहे हैं। इन्हें नहीं रोका नहीं जा पा रहा है। बड़े वाहनों पर शिकंजा कसने के लिए रात में निगरानी का इंतजाम होना चाहिए।
आईवीआरआई अंडरपास का काम अभी चल रहा है। इससे होकर बड़े वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है। वाहन चालकों को खुद भी इसके लिए सतर्क रहना चाहिए कि वह बड़े वाहन लेकर इसमें से न गुजरे। - राजेंद्र सिंह, पीआरओ, इज्जतनगर रेलवे