बदायूं जिले में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से कम हो रहे हैं। वहीं कोरोना की तीसरी लहर और कोरोना के डेल्टा प्लस वेरिएंट के खतरे के मद्देनजर भी तैयारियां तेज हो गई हैं। मेडिकल कॉलेज के कोरोना संक्रमित छात्र का सैंपल लखनऊ केजीएमसी में कोरोना के डेल्टा प्लस वैरिएंट की जांच को भेजा गया है। हालांकि छात्र की हालत बेहतर होने का दावा भी कॉलेज प्रशासन कर रहा है। एक संक्रमित छात्रा होम क्वारंटीन है।
राजकीय मेडिकल कॉलेज में कोविड काल के दौरान अवकाश घोषित कर दिया गया था। हाल ही में पढ़ाई शुरू करते ही कॉलेज ने नियमावली लागू की कि हर छात्र छात्रा का क़लेज आने के पहले दिन कोविड परीक्षण कराया जाएगा।
दो दिन पहले अवकाश से लौटी एक छात्रा और एक छात्र का परीक्षण कराया गया तो दोनों कोरोना पॉजिटव निकले। छात्रा शहर की निवासी व छात्र अजमेर का बताया जा रहा है। इनमें छात्र को सर्दी जुकाम का असर था जबकि छात्रा की हालत ठीक थी। छात्रा होम क्वारंटीन हो गई तो छात्र को कॉलेज में भर्ती कर लिया गया।
शासन की गाइड लाइन है कि कोरोना के डेल्टा प्लस वेरिएंट के खतरे को देखते हुए कोरोना पॉजिटिव मिलने वाले लोगों में डेल्टा प्लस वेरिएंट की जांच करा ली जाए। इसके तहत कोरोना पॉजिटिव छात्र का सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए रेंडम जांच को लखनऊ के केजीएमसी भेजा गया है।