बंडा (शाहजहांपुर)। एक दिन पहले ही दफनाए युवक को जिंदा करने का दावा कर एक व्यक्ति ने उसका शव कब्र से बाहर निकाल लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को दोबारा दफन कराकर आरोपी को भगा दिया। पुलिस का कहना है कि शव निकालने वाला युवक मानसिक रूप से परेशान है।
खुटार के गांव मोहनपुर में बुधवार सुबह 21 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई थी। परिवार के लोगों ने गोमती नदी के तट पर बंडा क्षेत्र में सुनासिरनाथ स्थान से कुछ दूर गड्ढा खोदकर उसका शव दफना दिया। उस समय बंडा के गांव ददिउरी का एक युवक भी वहां मौजूद था, जो युवक को जिंदा करने का दावा कर रहा था। बृहस्पतिवार को उसने कब्र खोदकर युवक का शव बाहर निकाल लिया और उसके पास ही बैठा था। इसी बीच कुछ लोग वहां से गुजरे तो इस पर उनकी नजर पड़ी। युवक ने उनसे भी मृतक को जीवित करने का दावा किया तो लोगों ने मामले की सूचना बंडा पुलिस को दी। बंडा के थाना प्रभारी राजेंद्र बहादुर सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। जानकारी पाकर मृतक के परिवार वाले भी वहां पहुंच गए। पूछताछ में सामने आया कि शव निकालने वाले युवक की पत्नी की तीन माह पूर्व मौत हो गई थी, इसके बाद से उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। इस पर परिवारवालों ने युवक का शव दोबारा दफना दिया। उन लोगों ने किसी कार्रवाई से इनकार कर दिया। थाना प्रभारी राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि शव निकालने वाला युवक मानसिक रूप से परेशान है। परिवार के लोगों से कहा गया है कि ई पास बनवाकर उसे इलाज के लिए ले जाएं।