खुटार। गांव प्रसादपुर में लगे एफसीआई के सेंटर पर तीन दिन से किसानों का गेहूं नहीं तौला जा रहा है। किसान टोकन के अनुसार गेहूं लेकर सेंटर पर गुरुवार को भी पहुंचे। तौल न होने पर उन्होंने प्रदर्शन किया। किसानों ने अफसरों से शिकायत की तो आरोप है कि सेंटर प्रभारी ने तौल ही बंद करा दी है।
गांव सिल्हुआ की प्रधान शशि देवी के पति रामप्रकाश मिश्र, गौतम अवस्थी, रामदेव आदि ने गेहूं बेचने के लिए पंजीकरण कराया है। पंजीकरण के बाद गांव प्रसादपुर में लगे एफसीआई के सेंटर से टोकन भी प्राप्त कर लिया। इसके बाद किसान नियत तिथि पर गेहूं लेकर पहुंचे तो सेंटर प्रभारी ने तोल में तमाम समस्याएं बताते हुए अगले दिन तौल कराने की बात कही। दूसरे दिन एक किसान का गेहूं छानने के बाद तौला गया। किसानों ने मामले की शिकायत एसडीएम, डिप्टी आरएमओ, एसडीएम आदि से की, लेकिन तौल नहीं हो सकी। आरोप है कि शिकायत से क्षुब्ध केंद्र प्रभारी ने बृहस्पतिवार को तौल ही बंद करा दी और सेंटर से चले गए। पूरे दिन श्रमिक भी खाली बैठे रहे। इधर, नाराज किसानों ने सेंटर पर प्रभारी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि ठेकेदार और सेंटर प्रभारी उनसे कह रहे हैं कि गेहूं नहीं तौला जाएगा, चाहे जहां जाकर शिकायत करो। एसडीएम से शिकायत उन्होंने टीम बनाकर जांच का भरोसा दिया लेकिन बृहस्पतिवार शाम तक कोई टीम जांच को नहीं पहुंची। किसानों ने कहा कि तौल नहीं होने पर वे धरना देने पर बाध्य होंगे।
किसानों और सेंटर इंचार्ज का फोन आया था। किसान तौल नहीं होने और सेंटर इंचार्ज पर बिना छाने गेहूं तौलने का दबाव बनाने का आरोप लगा रहे थे। खुटार थानाध्यक्ष को मौके पर जाकर जांच करने को कहा गया है।
दशरथ कुमार, एसडीएम, पुवायां