बुलंदशहर गैंगरेप के बाद सरकार की फजीहत होने से डीजीपी जावीद अहमद हाईवे की सुरक्षा को लेकर बेहद संजीदा है, लेकिन पुलिस कर्मियों की लापरवाही कम नहीं हो रही है। बीस सितंबर को बैरियर वन के पास ट्रक के चालक और क्लीनर लुट गए और सिपाही रक्षक मोबाइल-13 की गाड़ी में तीन सिपाही खर्राटे लेकर सोते रहे। सीओ तृतीय एएसपी आकाश तोमर लूट की सूचना पर बड़ा बाईपास स्थित विलयधाम के पास तीनों को सोते पकड़ने के बाद एसएसपी को रिपोर्ट दे दी। एएसपी की रिपोर्ट पर एसएसपी आरके भारद्वाज ने तीनों को निलंबित कर दिया।
20 सितंबर को पांच बैरियर वन के पास ट्रक में पंचर होने के बाद शीशगढ़ निवासी ट्रक चालक देवेंद्र सिंह और क्लीनर बिजेंद्र सिंह जैसे ही नीचे उतरे पांच बदमाशों ने उन्हें बंधक बनाकर करीब ग्यारह हजार रुपये लूट लिए थे। कंट्रोल रूम ने सूचना मिलते ही सभी मोबाइल को मौके पर पहुंचने को कहा था। हाईवे की रक्षक मोबाइल को इसकी जरा भी परवाह नहीं थी। उसमें ड्यूटी करने वाले पुलिस कर्मी सो रहे थे। सूचना पर सीओ तृतीय एएसपी आकाश तोमर मौके की तरफ जा रहे थे। इस दौरान उन्हें बड़ा बाईपास पर विलयधाम के पास रक्षक मोबाइल की गाड़ी दिखाई दी। एएसपी ने अपनी गाड़ी रुकवाकर देखा काफी देर तक रक्षक मोबाइल से कोई जवाब नहीं मिला। इसमें ड्यूटी करने वाले सिपाही यशवीर, श्रीकृष्ण सिंह और पुष्पेंद्र सिंह सो रहे थे। एएसपी की गाड़ी के चालक ने सिपाहियों को जगाया। जागने पर सिपाही एएसपी के पास पहुंचे तो उन्होंने जमकर फटकार लगाई। साथ ही तीनों के निलंबन की संस्तुति करके रिपोर्ट एसएसपी को भेज दी। एसएसपी ने तीनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया। इज्जतनगर थाने से तीन निलंबित सिपाहियों को पुलिस लाइंस के लिए रवाना कर दिया है।
हाईवे पर वसूली की शिकायतें मिल रही थीं
-रक्षक मोबाइल-13 के बारे में अधिकारियों को वसूली की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। यह भी बताया जा रहा है कि रक्षक मोबाइल में ड्यूटी करने वाले सिपाहियों के पशु तस्करों से भी वसूली करने की शिकायतें मिल रही थीं। एसएसपी की इस कार्रवाई से इज्जतनगर थाने में हड़कंप मचा हुआ है।