Tejab had brought Mohanlal from neighboring village
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
एक तरफा प्यार और दो परिवारों के बीच चली आ रही रंजिश की वजह से सोमवती पर तेजाब हमला हुआ था। पुलिस के मुताबिक, सोमवती का पड़ोसी 15 वर्षीय किशोर उससे एक तरफा प्यार करता था। सोमवती के दोस्त दिनेश से कई दफा झगड़ा होने के बाद वह बदला लेना चाहता था। वहीं दोनों परिवारों के बीच झगड़े के बाद आरोपी का पिता मोहनलाल पुत्र लेखराज भी सोमवती को सबक सिखाना चाहता था।
एसपी देहात ख्याति गर्ग ने वारदात से पर्दा उठाते हुए बताया कि आरोपी का पिता दो दिन पहले पड़ोस के गांव की दुकान से 100 ग्राम तेजाब खरीदकर लाया था। मोहनलाल जानता था कि तेजाब से हमले के बाद पुलिस दुकानदारों से पूछताछ करेगी, इसलिए उसने अपने छोटे बेटे को हमले के लिए तैयार किया और खुद हमले की रात शादी समारोह में शामिल होने चला गया, ताकि कोई शक न करे। हमले की रात मोहनलाल का बेटा बोतल में तेजाब लेकर सोमवती के घर आया। उसने शौचालय के पास बोतल से गिलास में तेजाब डालकर युवती पर फेंका। पुलिस को मोहनलाल और उसके बेटे पर शक उस वक्त गया जब मोहनलाल का बड़ा बेटा धर्मेंद्र और उसकी पत्नी घर पर मिले, लेकिन दोनों आरोपी भागे हुए थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस किशोर के पिता को साजिश रचने का दोषी मान रही है।
सोमवती का चल रहा इलाज
बीती 18 जून को घर में सो रही सोमवती को तेजाब से हमला होने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां उसका इलाज करवाया जा रहा है। थानाध्यक्ष शाही धर्मेंद्र कुमार, दरोगा वेदपाल सिंह, कांस्टेबल पंकज, अंकुर, संदीप का खुलासे में अहम भूमिका रही।
किशोर को अफसोस नहीं
मोहनलाल के मुताबिक उसने सोचा नहीं था कि सोमवती इस कदर झुलस जाएगी। वह सिर्फ सबक सिखाना चाहता था। वहीं उसके छोटे बेटे के अनुसार उसको अपने किए का अफसोस नहीं है।
तेजाब बेचने वाले पर भी होगी कार्रवाई
एसपी देहात तेजाब के बिक्री के मानकों के पालन के लिए अब डीएम को पत्र लिखेंगी। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे दुकानदारों पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।