Taylor blew code by asking 50 thousand
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
ठग ने अपने को बैंक ऑफ बड़ौदा का मैनेजर बताते हुए टेलर मास्टर को एटीएम लॉक होने का भय दिखाकर उसके एटीएम का नंबर पूछकर खाते से ऑनलाइन ट्रांजक्शन के जरिये 50 हजार रुपये उड़ा दिए। इसका मैसेज आने पर घबराया टेलर बैंक पहुंचा, लेकिन वहां उसकी एक न सुनी गई। इस पर उसने किला पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
किला क्षेत्र के जखीरा निवासी सरताज अली टेलर मास्टर हैं। उनकी घर के बाहर ही कपड़ों की सिलाई की दुकान है। उनके मोबाइल फोन पर बृहस्पतिवार दोपहर डेढ़ बजे फोन आया। कॉल करने वाले ने अपने को बैंक ऑफ बड़ौदा का मैनेजर बताया और कहा कि उनका एटीएम पासवर्ड कुछ ही देर में लॉक हो जाएगा, इसलिए एटीएम का नंबर बता दिया जाए। जिससे नंबर बदल दिया जाएगा और लेेनदेन में कोई दिक्कत नहीं आएगी। इस पर सरताज ने अपने एटीएम का नंबर बता दिया। यह फोन करने वाला बैंक मैनेजर नहीं, बल्कि ठग था। एटीएम का नंबर पता चलते ही उसने सरताज के खाते से 50 हजार रुपये का ट्रांजक्शन कर लिया। जब 50 हजार रुपये कटने का मैसेज सरताज के मोबाइल पर आया तो वह घबराकर बैंक पहुंचे और पूरी बात बैंक वालों को बताईं, लेकिन उनकी एक न सुनीं गई। फिर वह किला थाने पहुंचे और शिकायत की। पुलिस ने ठग के नंबर को डायल करके देखा तो वह चालू था। पुलिस वालों ने जैसे ही कहा कि वह बैंक से बोल रहे हैं, तो ठग ने मोबाइल बंद कर लिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।