Sir, baharwali husband's affair became my enemy
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
बाहर वाली के चक्कर में आईवीआरआई कर्मी घरवाली की जान का ही दुश्मन बन गया है। उसने पत्नी, बेटे और अपनी मां तक की पिटाई कर दी। महिला का आरोप है कि उसका दो बार एक्सीडेंट कराकर मारने की कोशिश भी की गई, लेकिन वह बच गई। जान बचाने के लिए उसने बेटे के साथ रिश्तेदार के घर शरण ली है। महिला ने इसकी शिकायत प्रेमनगर थाने में की है। पुलिस जांच कर रही है।
प्रेमनगर इलाके के राजेंद्र नगर निवासी दीपिका राठौर ने बताया कि उनके पति दिलीप राठौर आईवीआरआई में क्लर्क हैं। वह एक रिश्तेदार लड़की के चक्कर में पड़ गए हैं। 19 जनवरी को दिलीप ने उनकी और बेटे यश राठौर की पिटाई कर दी। मां पुष्पा देवी और देवर संजय राठौर ने पक्ष लिया तो उन्हें भी पीट दिया गया। महिला का आरोप है कि वह उसकी जान लेने की फिराक में है। उसका दो बार एक्सीडेंट भी कराने की कोशिश की जा चुकी है, जिसमें वह बाल-बाल बच चुकी है। महिला का कहना है कि उसने डर की वजह से राजेंद्र नगर वाला घर छोड़ दिया और मिनी बाईपास पर एक रिश्तेदार के घर बेटे और सास के साथ रह रही हैं। महिला का कहना है कि मामले की शिकायत उन्होंने थाना प्रेमनगर में भी दर्ज कराई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। महिला का कहना है कि उसका पति दूसरी शादी करना चाहता है, लेकिन उसके जीते जी सरकारी नौकरी में रहते हुए ऐसा हो नहीं सकता है, इसलिए वह उसे रास्ते से हटाना चाहता है। इंस्पेक्टर प्रेमनगर एमपी सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उधर, दिलीप का कहना है कि उनके बेटे यश का एक्सीडेंट हो गया था, इसलिए वह उसे देखने के लिए गए थे। उन्होंने पत्नी से कोई मारपीट नहीं की। वह आईजी से भी शिकायत कर चुकी हैं, जिसकी जांच भी हुई थी और वह निर्दोष पाए गए थे।