श्री रामलीला मेला में बुधवार रात बड़ा हादसा होते-होते बचा। मेला परिसर में लगे बड़े झूले की ट्राली टूटकर हवा में उछलकर गिरी तो इसमें सवार दो महिलाएं और दो बच्चे घायल हो गए। इससे वहां चीख पुकार के बाद भगदड़ मच गई। घायलों को तुरंत सीएचसी ले जाया गया। हादसे के बाद अन्य झूले वाले भाग गए।
राम लीला मोहल्ले में श्री रामलीला कमेटी 154 साल से मेले का आयोजन कर रही है। दशहरे के दिन रामलीला खत्म हो गई मगर मेला दिवाली के दो दिन पहले तक चलता है। बुधवार को भी यहां चहल पहल थी। मोहल्ला टांडा के मोहम्मद शाहिद का परिवार देर रात मेला देखने के लिए गया था। दो छोटी बच्चियों की जिद पर परिवार के लोग झूला झूलने लगे। अचानक झूले की बैठने वाली ट्राली का नट बोल्ट टूट गया। ट्राली हवा में उछलने के बाद कुछ दूरी पर जाकर गिर गई। उसमें सवार नवील 30 वर्ष पुत्री इश्त्याक अहमद, रिशा नूर 7 वर्ष पुत्री जमीर अहमद ,मोहम्मद शाहिद की पत्नी गजाला 29 वर्ष और बेटी हिफ्जा 9 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मेले में भगदड़ मच गई। लोग जान बचाकर भागने लगे। ताहिर पप्पू, यूनिस अंसारी ने फोन पर मामले की सूचना पुलिस को दी और एंबुलेंस बुलाकर घायलों को अस्पताल भेजा। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद चारों घायलो को बरेली के लिए रेफर कर दिया। हिफ्जा की हालात चिंताजनक बताई जा रही है।
जिद भारी पड़ गई
हिफ्जा और रिशा कई दिनों से परिवार के चाचा ताऊ से मेले में झूला झूलने की जिद कर रहीं थीं। परिवार के लोग आज उन्हें लेकर मेले गये। उन्हें क्या पता था कि हादसा हो जाएगा। इसमें वो लोग झूले वाले की कमी को उजागर करते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। आरोप है कि झूले की ट्राली में लगे नट बोल्ट जंग लगे थे।
कोट
अभी इस मामले में कोई तहरीर नही आई है। तहरीर आते ही दोषियो के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। ये कोई मामूली चूक नहीं है ये बड़ी चूक हैं । इस चूक के चलते किसी की जान भी जा सकती थी। इंस्पेक्टर को इसके जांच के आदेश दिए जाएंगे।
डॉ. सतीश कुमार एएसपी