एसएसपी डॉ. आरके भारद्वाज ने मानव तस्करी रोक थाम इकाई, डीसीआरबी आदि सेल की मीटिंग लेकर प्रभारियों जमकर कसा। डीसीआरबी के प्रभारी इंस्पेक्टर एमएम खान से कहा कि वह शातिर अपराधियों के डोजियर तैयार कराएं।
दोपहर बारह बजे पुलिस कार्यालय में सभी प्रकोष्ठों की बैठक में उन्होंने कहा कि क्राइम ब्रांच को पुरानी घटनाओं का खुलासा करने में पूरी मेहनत के साथ लगना है। हीलाहवाली किसी भी स्तर से नहीं होनी चाहिए। नारकोटिक्स सेल भी अपने काम की रफ्तार बढ़ानी है। एसपी क्राइम के साथ मिलकर संयुक्त अभियान चलाकर नशे का कारोबार करने वालों को पकड़ना है। पुरस्कार घोषित अपराधियों का डोजियर हमारे पास होना चाहिए। उसके बारे में पूरी जानकारी जुटाने जल्द ही डोजियर तैयार कराया जाए। दोपहर बाद एसएसपी ने पुलिस लाइंस से सभागार में कोर्ट मुहर्रिर और पैरोकारों के साथ बैठक करके जरुरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सम्मन की तामील कराने में दिलचस्पी लेने की जरूरत है। दिनांकवार रजिस्टर बनाकर काम करना चाहिए। यह भी देखते रहें कि मुकदमों की पैरवी करने में कहां चूक हो रही है। हमारा मकसद अपराधी को ज्यादा से ज्यादा सजा दिलाना होना चाहिए। इस मौके पर एसपी सिटी समीर सौरभ, एसपी देहात यमुना प्रसाद, एसपी क्राइम प्रदीप गुप्ता आदि मौजूद रहे।