बरेली। दुनका चौकी प्रभारी और सिपाही के बीच हुई गाली गलौज का ऑडियो वायरल होने के बाद कुछ लोगों ने चौकी प्रभारी के पक्ष में लामबंदी शुरू कर दी है। उन्होंने एसएसपी को ज्ञापन देकर चौकी प्रभारी को पाक साफ बताकर मामले का ठीकरा सिपाही पर फोड़ा है। उधर इश्त्याक ने एसपी देहात से मिलकर दरोगा और प्रधानपति जुनैद और फजील पर धमकाने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि जुनैद आपराधिक किस्म का व्यक्ति है। उसके खिलाफ तमाम मुकदमे दर्ज हैं। जुनैद से उसकी जान को खतरा बना हुआ है।
दुनका निवासी जुनैद अहमद, जलील अहमद, अनिल कुमार सिंह और मुजफ्फर अली समेत दर्जन भर ग्रामीणों के हस्ताक्षर वाले ज्ञापन में कहा गया है कि सिपाही ने ऑडियो रिकार्डिंग को गलत तरीके से प्रचारित कराया है। आरोप लगाया कि सिपाही भारत सिंह ही पशु तस्करी करा रहा था। चौकी प्रभारी ने उसका धंधा बंद कराया तो वह बौखला गया और एक समुदाय विशेष को गालियां देने लगा। यह भी आरोप लगाया कि सिपाही ने 14 फरवरी की शाम उन लोगों को शराब पीकर गालियां दीं तो करीब पचास लोग एकत्र होकर चौकी प्रभारी से शिकायत करने पहुंचे थे। चौकी प्रभारी ने सिपाही को मोबाइल से काल करके समझाने की कोशिश की तो उसने रिकार्डिंग करके घटना को दूसरी तरह प्रचारित कर दिया।