महेशपुरा गांव में दुकानदार के घर में घुसकर बदमाश साढ़े तीन लाख रुपये लूट ले गए। दीवार के सहारे बदमाश दुकानदार के घर में घुसे और परिवारवालों को बंधक बनाकर घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में डकैती की धाराओं में मुकदमा लिखकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना सीबीगंज के महेशपुरा गांव के अफसर अली पुत्र अब्दुल लतीफ, उनके भाई महशर अली और हैदर अली बिरयानी की दुकान चलाते हैं। रविवार रात करीब ढाई बजे आठ बदमाश दीवार फांदकर अफसर के घर में घुस गए। महशर, मां अनीसा और भांजी आंगन में सोए थे। बदमाशों ने असलहों के बल पर गमछे से तीनों के हाथ-पैर बिस्तर से बांध दिए। इसके बाद अफसर का कमरा खुलवाकर 40 हजार की नकदी, सोने की अंगूठी, कानों की बाली और पैंडल ले गए। इसके बाद कमरे से अफसर को निकालकर लाने के बाद महशर का कमरा खुलवाने के बाद 55 हजार रुपये, आठ तोले सोने के कड़े, दो जोड़ी सोने के हार, दो जोड़ी झुमकी ले गए। बच्चों की गुल्लक भी बदमाश तोड़कर ले गए। लतीफ की घर में ही परचून की दुकान है। उसमें बदमाश नहीं घुस पाए। जाते समय बदमाशों ने आसपास के घरों के दरवाजे बंद कर दिए। अफसर के घर का दरवाजा लूटपाट के बाद निकलते समय बंद कर गए थे। सोमवार की सुबह डकैती का शोर मचने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीओ सिटी द्वितीय स्नेहलता मौके पर पहुंच गई। एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने भी घटना स्थल का मुआयना कर पीड़ित परिवार से जानकारी की। प्रभारी निरीक्षक निसार हुसैन ने बताया कि मामले में डकैती की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है। आसपास के ही कुछ बदमाशों पर शक है। ऐसे लोगों को चिह्नित कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
बदमाश बोले, सद्दाम ने तो सुपारी दी है
लूटपाट करने वाले बदमाशों ने अफसर से कहा कि सद्दाम ने तो उसके और उसके बड़े भाई बरकत अली की हत्या की सुपारी दी है। चलो तुमको बख्श देते हैं, मारेंगे नहीं, कुछ लूटपाट करके चले जाते हैं। पुलिस से शिकायत करने जाओगे तो तुमको मार डालेंगे। बदमाशों की धमकी के बाद से पूरे परिवार में दहशत का माहौल है। बिरयानी के कारोबार से जुड़े लोगों के बारे में भी पता कराया जा रहा है। यह भी जानकारी की जा रही है कि दुकान पर तो हाल में किसी से अफसर या उसके भाई का विवाद नहीं हुआ है।
सद्दाम को पूछताछ के लिए बुलाया
डकैती की सूचना पर डॉग स्क्वाड भी मौके पर पहुंचा। इसमें शामिल कुत्ता अफसर के घर सूंघने के बाद सद्दाम के घर जाकर रुका। इसके बाद पुलिस ने सद्दाम को पूछताछ के लिए थाने बुला लिया। बताया यह जा रहा है कि सद्दाम से कुछ दिन पहले अफसर और उसके परिवार के लोगों का विवाद हो गया था। इसे लेकर दोनों परिवारों के बीच बोलचाल तक नहीं है। माना जा रहा है कि यह बात उनके आसपास के व्यक्ति के अलावा और किसी को मालूम तक नहीं थी। ऐसे में बदमाशों में कोई परिचित जरूर है, इसलिए अफसर और उनके भाइयों के मिलने-जुलने वालों को भी चिह्नित कर पूछताछ की जा सकती है।