In the dog's dispute, the soldier entered the house and with knives
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र के बिहारीपुर में दो लोगों ने कुत्ते के विवाद में सिपाही पर घर में घुसकर हमला कर दिया। एक हमलावर सिपाही को पकड़े रहा और दूसरे ने चाकू से दस बार किए। सिपाही के सीने, बाजू, कमर और पीट में दस बार किए गए। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बचाव को आई पत्नी ने एक हमलावर के बाल पकड़कर शोर मचाया तो हमलावर भाग निकले। घायल सिपाही को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मूलरूप से रायबरेली का रहने वाला 28 वर्षीय संदीप बदायूं पुलिस लाइंस में सिपाही पद पर तैनात है। उसकी शादी बरेली के बिहारीपुर निवासी गुरुदयाल कश्यप की बेटी आकांक्षा से हुई है। आकांक्षा बिहारीपुर में स्थित अपने मायके के बराबर में ही किराये के मकान में रहती है। जबकि संदीप की तैनाती इस समय बदायूं पुलिस लाइंस में है। संदीप के यहां घर में तीन कुत्ते भी पलते हैं, जिनको लेकर सामने रहने वालों से अक्सर विवाद होता रहता है। मंगलवार को बदायूं के उझानी में रोडवेज एक्सीडेंट में घायल हुए युवक को संदीप और दूसरा सिपाही मनोज बरेली जिला अस्पताल लेकर आए थे। अभी युवक को इलाज चल रहा है। दोनों सिपाही उसकी देखरेख कर रहे थे। बुधवार रात करीब सवा दस बजे संदीप बिहारीपुर स्थित अपने घर खाना खाने चला गया। वह खाना खाकर अपनी पत्नी आकांक्षा से बातें कर रहा था। इसी दौरान कुत्तों के आतंक से आजिज दो युवक उसके घर में घुस आए और गालियां देते हुए छत से नीचे उतरकर आने की बात कही। संदीप जैसे ही नीचे उतरकर आया तो एक युवक ने उसको पकड़ लिया, जबकि दूसरे ने चाकुओं से गोद दिया। सिपाही के करीब दस चाकू मारे गए। इसी दौरान आकांक्षा ने एक हमलावर के बाल पकड़ लिए और शोर मचा दिया। तभी हमलावर भाग निकले। घायल सिपाही को जिला अस्पताल लाया गया। एसएसपी जोगेंद्र सिंह, एसपी सिटी समीर सौरभ ने अस्पताल पहुंचकर डॉक्टर से घायल का बेहतर इलाज करने को कहा। साथ ही सिपाही की पत्नी से घटना के बारे में जानकारी की। आकांक्षा ने बताया कि सामने श्याम डिस वाले के मकान में दो युवक अमित और राहुल जल्द में ही किराये पर आए हैं। आशंका है कि उन्होंने ही सिपाही पर हमला किया है। हमले की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। एसएसपी ने इंस्पेक्टर कोतवाली केके वर्मा और क्राइम ब्रांच को दोनों हमलावरों को तत्काल पकड़ने के निर्देश दिए। साथ ही दोनों सिपाहियों के बारे में आईजी को अवगत करा दिया। साथ ही उन्होंने सिपाहियों के बारे में भी जांच के आदेश दिए हैं कि जब उनकी ड्यूटी घायल की देखरेख में लगी थी तो वह घर क्यों गए।
कई को काट चुके हैं सिपाही के पालतू कुत्ते
बताया जाता है कि सिपाही के घर में तीन कुत्ते पलते हैं, जो सामने रहने वालों के अलावा कई पड़ोसियों को काट चुके हैं। इसी को लेकर अक्सर विवाद होता था। चूंकि बुधवार को संदीप घर आया हुआ था, इसीलिए कुत्तों के आतंक से परेशान सामने रहने वालों से झगड़ा बढ़ा और उस पर हमला बोल दिया गया।