होली पर ढाई हजार खुराफातियों को चिहिन्त किया है। पुलिस और खुफिया विभाग की खुराफातियों पर कड़ी नजर रहेगी। 250 खुराफतियों को सर्विलांस पर रखा जाएगा। इनमें कई नेताओं के नाम भी शामिल हैं। जिन लोगों से खुराफात करने की आशंका है,उन्हें पहले ही थाने में नजरबंद कर लिया जाएगा। त्रिशूल एयरबेस और सेना के इलाके में त्यौहार के मौके पर चौकसी बढ़ा दी गई है।
रंगों के त्यौहार में खलल डालने वाले को लेकर पुलिस-प्रशासन अभी से चौकन्ना है। कालीबाड़ी, मठ की चौकी, मौर्य मंदिर, बनखंडी नाथ मंदिर, बिहारीपुर, आजमनगर, गंगापुर, सुभाषनगर, मीरा की पैंठ, कुतुब शाह की ज्यारत, जगतपुर पंनवडिया, सहसवानी टोला, कोहाड़ापीर, सुर्खा बानखाना, शाहबाद, बुखारपुरा, कोट, झगड़े वाली मठिया समेत 37 अति संवेदशनशील इलाकों के करीब 250 लोगों पर अभी से कड़ी नजर रखी जा रही है। इन लोगों के नंबर सर्विलांस पर लेकर सुने जाएंगे। कुछ नेताओं को भी सर्विलांस पर लिया जा रहा है। देहात में अब तक 937 लोगों को चिहिन्त करके होली के मद्देनजर पाबंद करा दिया गया है। शहर में भी करीब एक हजार लोगों को पुलिस ने पाबंद किया है। ग्रामीण इलाके में शेरगढ़ के पहाड़पुर और उसके आसपास के गांव पर कड़ी नजर रखी जा रही है। प्रधानी की रंजिश को लेकर जिन 402 गांवों में विवाद हुए हैं, वहां भी सतर्कता रखते हुए ग्रामीणों को होली पर शांति बनाए रखने की हिदायत दे दी गई है। त्रिशूल एयरबेस में कोई शराब पीने का नाटक करके संदिग्ध न घुस जाए, इसे लेकर भी सतर्कता बरती जा रही है। सेना के इलाके में होली पर मस्त होने के बजाए सभी को अन्य दिनों से ज्यादा अलर्ट रहने को कह दिया है। खुफिया एजेंसियां त्यौहारों को लेकर अभी से अलर्ट हैं। हर संदिग्ध पर नजर रखी जा रही है। डीआईजी आशुतोष कुमार ने बताया कि होली पर खुराफात करने वालों को बख्शा नहीं जाएगी। जिन लोगों से यह लगेगा कि वह खुराफात कर सकते हैं। उन्हें पहले ही थाने में बुलाकर सम्मान पूर्वक बैठा लिया जाएगा।
शराब की दुकानें रहेंगी बंद
-23 मार्च की शाम से ही शराब की दुकानों को बंद करा दिया जाएगा। अगले दिन की शाम तक शराब की दुकानें बंद रहेंगी। किसी ने भी इधर-उधर से शराब बेचने की कोशिश की तो कार्रवाई कर दी जाएगी।
वर्दी पर रंग से पड़े तो बुरा न माने
होली पर ड्यूटी के दौरान किसी की वर्दी पर रंग पड़ जाए तो उसका बुरा नहीं माने। कोई जानबूझकर वर्दी पर रंग नहीं डालेगा। होली के हुड़दंग में किसी की भी वर्दी पर रंग पड़ सकता है। इसलिए ड्यूटी के दौरान इस तरह की वर्दी पहनें रंग भी पड़ जाए तो कोई दिक्कत न होने पाए।