एक महिला को अगवा कर महानगर कॉलोनी के एक मकान में चार लोगों ने रेप किया। विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट भी की गई। पीड़ित किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर बाहर निकली। उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग जमा हो गए। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तब तक बाकी आरोपी भाग गए लेकिन एक आरोपी समीर को मौके पर दबोच लिया गया। समीर किसी महिला अफसर का पति बताया जा रहा है।
पीड़ित महिला पवन विहार कॉलोनी में किराए पर रहती है। उसने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार देर शाम वह ग्रीन पार्क कॉलोनी से घर का सामान लेकर पैदल लौट रही थी। रास्ते में पीछे से आई एक कार अचानक उसके नजदीक रुक गई, जिसमें चार लोग बैठे थे। उन्होंने महिला को जबरन खींचकर अपनी गाड़ी में डाल लिया और पीलीभीत बाईपास रोड स्थित महानगर कॉलोनी ले गए। जहां एक मकान में बंधक बनाकर उससे चार लोगों ने रेप किया। विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट की गई। वह चीखती, चिल्लाती भी रही, लेकिन आरोपियों ने जनरेटर चला रखा था, जिससे उसकी आवाज बाहर नहीं जा सकी। शुक्रवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे महिला किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर बाहर निकली और शोर मचा दिया। उसकी चीख सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। मगर इस बीच तीन आरोपी मौका पाकर भाग गए। समीर को मौके पर पकड़ कर थाने ले जाया गया। दिन भर पुलिस इस मामले को दबाने में जुटी रही। शाम को पीड़ित महिला और हिरासत में लिए गए आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद महिला की ओर से धारा 376 डी (गैंगरेप) का मुकदमा महानगर कॉलोनी निवासी समीर समेत चार लोगों के खिलाफ दर्ज कर लिया गया। पकड़ा गया आरोपी सीतापुर में शिक्षक बताया जाता है। उसकी पत्नी बाहर के एक जिले में अधिकारी हैं।
महिला की ओर से समीर समेत चार लोगों के खिलाफ गैंगरेप का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। समीर को हिरासत में भी ले लिया गया। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। - रामगोपाल शर्मा, प्रभारी निरीक्षक इज्जतनगर