अलीगंज के गांव त्रिगाई दत्त नगर में दहेज में बाइक की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने विवाहिता की हत्या कर दी। बाद में अंधेरे में ही अंतिम संस्कार भी कर दिया। पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बिशारतगंज के गांव अखा निवासी नन्हे ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा है कि उसने अपनी बहन मिथिलेश का विवाह 28 अप्रैल 2014 को राजेश के साथ किया था। पिता के न होने की वजह से तीनों भाइयों ने सामर्थ्य के अनुसार विवाह के समय उपहार दिए, लेकिन ससुराल वाले मिथिलेश पर बाइक या नकदी लाने का दबाव बनाने लगे। असमर्थता जताने पर ससुराल पक्ष ने मिथिलेश का शारीरिक और मानसिक शोषण शुरू कर दिया। दो साल पहले उसे मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया। चार-पांच माह पहले रिश्तेदारों के साथ जाकर समझाने की कोशिश की, लेकिन ससुराल वाले नहीं पसीजे। पांच दिन पहले ससुराल वाले उसके गांव आए और मिथिलेश को साथ ले जाने की बात कही।
उन्होंने बहन को समझाकर ससुराल भेज दिया। आरोप है कि पति राजेश, जेठ धर्मवीर, ससुर शिवदयाल, नंदोई नरेंद्र, सास व ननद ने एक राय होकर सोमवार रात मिथिलेश की हत्या कर दी। मंगलवार सुबह शिवदयाल ने फोन कर मिथिलेश की मौत की खबर दी, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही अंतिम संस्कार कर दिया। उधर, धर्मवीर की पत्नी का आरोप है कि शादी के बाद मिथिलेश अपने प्रेमी के साथ चली गई थी। बदनामी की वजह से मृतका के भाइयों ने उसे जबरन ससुराल भेज दिया। साथ ही राजेश को मिथिलेश को फोन न देने की हिदायत दी। सोमवार रात मिथिलेश की मौत की खबर उसके भाई को दी गई थी। उसके भाइयों के कहने पर ही अंतिम संस्कार किया गया। वहीं, सीओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मौके पर सिर्फ राख मिली है।