पुलिस ने मंगलवार को भगवान महावीर की मूर्ति के साथ पकडे़ गए दोनों आरोपियों अनवर और मुमताज को जेल भेज दिया। पुलिस ने इनके पास से तमंचा, कारतूस और छुरी बरामद करने का दावा किया है। हालांकि पुलिस आरोपियों से यह कबूलवाने में नाकाम रही कि उनके पास मूर्ति कहां से आई तथा किसके इशारे इसे बेचने मवाना आए थे।
उल्लेखनीय है कि पुलिस ने मंगलवार को सूचना पाकर बिहार निवासी अनवर पुत्र इसराइल एवं मुमताज पुत्र मोहम्मद सिद्दीकी को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने इनके पास से भगवान महावीर की मूर्ति बरामद की थी। मूर्ति अष्टधातु की बताई गई है। पुलिस ने इन दोनों के पास से तमंचा, दो कारतूस तथा एक छुरी भी बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस ने इस मामले में थाने में दर्ज रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि दोनों आरोपी पीली धातु की मूर्ति को सोने की बताकर बेचने का प्रयास कर रहे थे। इस संबंध में दरोगा गवेंद्रपाल ने बताया कि इन्होंने बिहार के किसी स्थान से मूर्ति को चोरी करना बताया है। पुलिस दोनों आरोपियों से यह जानकारी करने में कामयाब नहीं हो सकी कि किस स्थान से यह मूर्ति चोरी की तथा मवाना में किसको बेचने के लिए आए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
मुख्य बातें
पुलिस बोली, दोनों युवक पीली धातु की मूर्ति को सोने की बताकर बेच रहे थे
दोनों युवक बिहार के रहने वाले बताए हैं