दिल्ली पुलिस का सिपाही बृहस्पतिवार को राजधानी एक्सप्रेस में शराब पीकर हंगामा कर रहा था। सूचना मिलने पर बरेली जंक्शन आरपीएफ ने आरोपी को ट्रेन के अंदर ही दबोच लिया। आरपीएफ ने मुकदमा दर्ज करने के बाद चालान कर दिया।
बृहस्पतिवार दोपहर डिब्रूगढ़ से नई दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस के एसी थर्ड कोच में बैठे तीन लोग शराब पीकर हंगामा कर रहे थे। अन्य यात्रियों की शिकायत पर टीटीई ने इसकी सूचना मुरादाबाद रेल कंट्रोल को दे दी। कंट्रोल से मैसेज मिलते ही बरेली आरपीएफ अलर्ट हो गई। दोपहर 1.45 बजे राजधानी एक्सप्रेस बरेली जंक्शन पहुंची। ट्रेन रुकते ही आरपीएफ के एसआई सुरेंद्र सिंह टीम के साथ एसी थर्ड कोच में घुस गए और एक यात्री को दबोच लिया। शराब पीने के आरोपी बाकी दो यात्रियों को पूरे कोच में देखा गया, लेकिन नहीं मिले। पकड़ा गया यात्री द्वारिका नई दिल्ली निवासी संतोष कुमार है, जो दिल्ली पुलिस में सिपाही है। उसे आरपीएफ थाने ले जाने के बाद जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया। मेडिकल कराने के बाद कृष्णपाल के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 145 व 146 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया।