झज्जर। एसआईटी द्वारा पकड़ा गया बदमाश पुलिस गिरफ्त में।
- फोटो : bureau
नीली बत्ती का रोब झाड़ते हुए लूटपाट करने वाले एक आपराधिक गिरोह के दो आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। फिल्मी अंदाज में वारदातों को अंजाम देने इन बदमाशों ने कई वारदात कबूली हैं। पुलिस का कहना है कि बदमाश पिछले काफी समय से क्षेत्र में सक्रिय थे और पुलिस की नजर से बचे हुए थे। फिलहाल, पुलिस के हत्थे चढ़े इन दो बदमाशों की निशानदेही पर बीड़ियों के 144 बोरे भी बरामद हुए हैं, जिनकी कीमत करीब 30 लाख रुपये है। प्रारंभिक रूप से हुई पूछताछ के आधार पर बदमाशों के अन्य साथियों को लेकर भी अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर उम्मीद है कि अन्य बदमाश भी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
एसपी जशनदीप सिंह रंधावा ने बताया कि निरीक्षक सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने लूटपाट गिरोह के एक शातिर बदमाश को अवैध हथियार सहित कुलाना चौक से काबू किया था। आरोपी ने प्रारंभिक पूछताछ में लूटपाट की कई वारदातों का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि गिरोह के एक शातिर आरोपी जमशेद निवासी बरला जमालगढ़ थाना पुन्हाना, जिला मेवात ने लूटपाट की अन्य वारदातों का खुलासा करते हुए बताया कि जुलाई में उसने साथियों के साथ हथियारों के बल पर सांपला झज्जर रोड पर स्थित गांव गिरावड़ के पास बीड़ी की बोरियों से भरे एक कैंटर के आगे गाड़ी अड़ाकर रुकवाया। चालक को बंधक बनाकर कैंटर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। कैंटर में करीब बीड़ियो के 200 बोरे भरे हुए थे। चालक को रेवाड़ी रोड पर फेंककर लूटे गए कैंटर को वह मेवात के किसी इलाके में में ले गए थे। बीड़ी के बोरों को बेचने के लिए छिपाकर रख दिया गया। कैंटर लूटने की वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी इमरान निवासी जमालगढ़ रोड पुन्हाना (गुड़गांव) को पुलिस ने एक अन्य मामले में काबू किया था, जिसे प्रोडक्शन वारंट पर लाकर इस मामले में गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई बीड़ियों के बोरों को जिला मेवात के इलाके से बरामद किया है। बरामद हुए बीड़ी के 144 बोरों की कीमत लगभग 30 लाख रुपये आंकी गई है।
ये वारदात कबूलीं
पूछताछ में शातिर बदमाश जमशेद ने खुलासा किया कि उनका गिरोह पुलिस की वर्दी में गाड़ी पर लाल अथवा नीली बत्ती लगाकर मुख्य मार्गों पर वाहन चालकों से लूटपाट करते थे। आरोपी ने बताया कि उनके गिरोह ने निर्माणाधीन कुंडली मानेसर, पलवल और अन्य मार्गों पर वाहन चालकों से लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते थे। उन्होंने बताया कि आरोपी ने झज्जर में की गई तीन अन्य वारदातों का खुलासा करते हुए बताया कि गिरोह के अन्य साथियों के साथ मिलकर उन्होंने हथियारों के बल पर अगस्त में ट्रक चालक से रेवाड़ी रोड खुड्डन मोड़ के नजदीक 21 हजार रुपये लूटे थे। 7 सितंबर 2016 को फर्रुखनगर से एक व्यक्ति को स्कॉर्पियो गाड़ी में लिफ्ट देने के बहाने झज्जर बाईपास बहादुरगढ़ रोड पुल के पास 58 हजार रुपये लूटे थे। वहीं, तावडू जिला मेवात के इलाके में गुड़ से भरे ट्रक को लूटा था। इसके अतिरिक्त राजस्थान सहित गुड़गांव और मेवात के इलाके में लूटपाट और चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया है।
10 दिन में 185 गिरफ्तार
पुलिस ने अलग-अलग मामलों में विशेष अभियान के तहत 185 आरोपी गिरफ्तार किए हैं। एसपी के आदेशानुसार पुलिस द्वारा जिले में विशेष अभियान 10 सितंबर से 10 अक्टूबर 2016 तक जारी रहेगा।