समाजवादी छात्र सभा के जिलाध्यक्ष और छात्र संघ के निवर्तमान महामंत्री हृदेश यादव ने शनिवार को दुस्साहसिक हरकत करते हुए बरेली कॉलेज में जूलोजी की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. क्षमा द्विवेदी से सरेआम अभद्रता कर डाली। कई शिक्षिकाओं की मौजूदगी में गालीगलौज करते हुए कैंपस के बाहर देख लेने की धमकी तक दे दी। इससे गुस्साए कॉलेज के शिक्षकों ने परीक्षा ड्यूटी का बहिष्कार कर दिया और आम सभा बुलाकर सोमवार तक कार्रवाई न होने पर 12 मई से परीक्षाएं न कराने का ऐलान कर दिया है।
शनिवार को सुबह लगभग साढ़े 10 बजे जब दोपहर की पाली की परीक्षा के लिए परीक्षार्थी कॉलेज में प्रवेश कर रहे थे, तब पश्चिमी गेट पर यह घटना हुई। डॉ. क्षमा चार-पांच अन्य शिक्षिकाओं के साथ गेट पर छात्राओं की तलाशी ड्यूटी पर थीं। इस दौरान प्रवेशपत्र पर मूल फोटो नहीं लगाने पर कुछ छात्राओं को यह कहकर रोका गया कि वह फोटो चस्पा करके ही आएं। एक छात्रा को पहले भी दो बार कहने के बावजूद फोटो न लगाने पर रोका गया तो वह फोटो चस्पा करने के बजाय उस समय तो चली गई लेकिन थोड़ी ही देर बाद सछास जिलाध्यक्ष हृदेश यादव को अपने साथ बुला लाई। डॉ. क्षमा ने बताया कि आते ही हृदेश ने हड़काना शुरू कर दिया। बकौल शिक्षिका, उन्होंने कहा कि जो बात करनी है, हेड से करो तो हृदेश बदतमीजी करने लगा और गंदी-गंदी गालियां बकते हुए बाहर देख लेने की धमकी दी। यह भी कहा कि प्राचार्य भी नहीं बचा पाएंगे। इस तरह अभद्रता से मौके पर मौजूद सारे शिक्षक अवाक रह गए। कुछ ने हृदेश को शांत कराया लेकिन इसके बाद सारे शिक्षक परीक्षा का कार्य छोड़कर प्राचार्य डॉ. सोमेश यादव से मिलने पहुंचे और उनको पूरी घटना बताई। प्राचार्य ने शिक्षकों को मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद कामर्स विभाग के स्टाफ रूम में हुई शिक्षकों की आमसभा में सारे शिक्षकों ने एक स्वर में घटना की निंदा करते हुए इस मामले में 11 मई तक कार्रवाई न होने पर 12 मई से परीक्षाएं न कराने का निर्णय लिया। शिक्षक संघ के महामंत्री डॉ. वीपी सिंह के नेतृत्व में ज्ञापन देकर इस अल्टीमेटम से प्राचार्य को भी अवगत करा दिया गया है।
प्राचार्य बोले- कार्रवाई करेंगे
शिक्षिका से अभद्रता से प्राचार्य डॉ. सोमेश यादव भी काफी आहत हैं। उन्होंने शिक्षकों से भी कहा कि छात्र नेता हृदेश की यह दुस्साहसिक घटना है। इस मामले में जरूर कार्रवाई की जाएगी। प्राचार्य ने बताया कि उन्होंने शिक्षिका डॉ. क्षमा द्विवेदी से घटना के बाबत लिखित में मांगा है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। बताया कि हालांकि शिक्षिका ने एक कागज पर लिखकर दिया है लेकिन वह चंद लाइनें ही हैं। अब उनसे विस्तार से लिखकर मांगा है। प्राचार्य ने इस घटना से मैनेजमेंट कमेटी के सचिव देवमूर्ति को भी अवगत करा दिया। डीएम गौरव दयाल से भी समय मांगा था लेकिन अब उनसे रविवार को मिलेंगे।
इंसेट...
विवादित रहा है हृदेश
सछास नेता हृदेश यादव की की दबंगई के किस्से कैंपस में ही नहीं पुलिस थानों में भी आम हैं। बरेली कॉलेज में पहले भी हृदेश का नाम कुछ शिक्षकों से तल्ख अंदाज में बात करने के लिए सुर्खियां बना है। पिछले दिनों ही बारादरी थाने में इंस्पेक्टर को भी उसने इसी अंदाज में हड़काया था।
वर्जन...
जिस छात्रा की पैरवी में हृदेश यादव आया, उसे भी पिछले दो पेपर में फोटो लगाने को कह दिया था लेकिन तीसरी बार भी उसने फोटो नहीं लगाया तो उसे आज फोटो चिपकाकर ही आने को कह दिया लेकिन आते ही हृदेश ने मुझे जो अनर्गल बोला, उसे शब्दों में नहीं बताया जा सकता। मुझे बाहर देख लेने की धमकी दी। उसके इरादे तो हाथापाई करने जैसे थे।
-डॉ. क्षमा द्विवेदी, एसोसिएट प्रोफेसर
--------
मैंने शिक्षिका से कोई अभद्रता और गालीगलौच नहीं की। उनके आरोप गलत और निराधार हैं। परीक्षार्थियों को गेट पर रोका जा रहा था तो छात्र प्रतिनिधि होने के नाते उनकी पैरवी में गेट पर गया और शिक्षिकाओं से निवेदन किया लेकिन वह उलटा सीधा बोलने लगीं। अगर मैं छात्रों के हक के लिए नहीं लड़ सकता तो कोई भी कार्रवाई के लिए तैयार हूं।
-हृदेश यादव, जिलाध्यक्ष- सछास