मालियों की पुलिया के पास बाइक का हैंडिल लगने पर हेकड़ी दिखाते हुए युवक को थप्पड़ मारना बदायूं से एक सिपाही को महंगा पड़ गया। सिपाही के थप्पड़ का जवाब देते हुए लड़के ने अपने साथियों के साथ उसकी पिटाई कर दी। इसे लेकर काफी देर तक हंगामा होता रहा। मामला चौकी तक पहुंचने के बाद एक-दूसरे को गले मिलवाकर सुलह करा दी गई।
बदायूं के थाना उसावां में तैनात सिपाही का बरेली आना-जाना लगा रहता है। वह डेढ़ साल पहले एसपी सिटी के यहां तैनाती के दौरान सैलानी पर किराए पर रहता था। इसलिए यहां के तमाम लड़के सिपाही को जानते हैं। मंगलवार को मालियों की पुलिया पास सिपाही मोहल्ले के ही एक लड़के के साथ बदायूं जाने के लिए ऑटो रिक्शा का इंतजार कर रहा था। सैलानी के एक लड़के की बाइक के हैंडिल में उसकी शर्ट फंसकर फट गई। इससे गुस्साए सिपाही ने युवक को पकड़कर उसे चार-पांच थप्पड़ जड़ दिए। बाद में लड़का भी अपने साथियों को लेकर सिपाही के पास पहुंच गया। वह सिपाही की पिटाई करके भाग गए। सूचना पर चौकी शहामतगंज के दो सिपाहियों ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी की। इसके बाद सिपाही पर हाथ उठाने वाले को तलाश करके चौकी बुलवाया गया। लड़के की ही नहीं गलती सिपाही की भी निकली। इस पर चौकी में दोनों को गले मिलवाकर सुलह कराने के बाद घर भेज दिया गया।
बीच सड़क पर लड़की के भाई ने प्रेमी को पीटा
बरेली (ब्यूरो)। बीच सड़क पर एक युवक ने अपनी बहन के प्रेमी की डंडे से पिटाई कर दी। प्रेमी युगल हाथ में हाथ डालकर चल रहे थे। विरोध करने पर बहन को भी कई थप्पड़ मार दिए। पुलिस बुलाने की बात सुनते ही प्रेमी खुर्रम गौटिया की तरफ भाग गया।
मंगलवार को दोपहर करीब एक बजे की बात है, एक प्रेमी युगल हाथ में हाथ डालकर सेटेलाइट बस अड्डे की तरफ जा रहा था। लड़की का भाई प्रेमी युगल का पीछा कर रहा था। उसने रास्ते में शहामतगंज के पास बहन के प्रेमी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वहां पुलिस को देखकर कदम पीछे हटा लिए। प्रेमी के मालियों की पुलिया के पास पहुंचते ही लड़की के भाई ने उसे पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। उसके हाथ में डंडा था। बहन का हाथ छुड़ाकर उसने उसके प्रेमी की जमकर पिटाई की। छात्रा ने उसे बचाने की कोशिश की तो उसके भी भाई ने कई थप्पड़ जड़ दिए। उसने जैसे ही पुलिस को बुलाने के लिए फोन करना शुरू किया, उसकी बहन का प्रेमी हाथ छुड़ाकर भाग गया।