Bareilly College students now in the 'Cirque', two suspended
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
बरेली कॉलेज में अब तक छात्र ही गुटबाजी और मारपीट करते थे पर मंगलवार को तो छात्राओं के गुटों में भी भिड़ंत हो गई। मामूली बात पर हुई कहासुनी पर बीबीए प्रथम वर्ष की दो छात्राएं अपने-अपने गुटों के साथ कॉलेज परिसर में ही मारपीट करने के लिए आमने-सामने आ गईं। जब तक कॉलेज प्रशासन को इसकी भनक लगती दोनों में मारपीट होने लगी। एक-दूसरे के बाल नोचने और चीख चिल्लाहट से मौके पर भीड़ जुट गई, लेकिन किसी ने अलग नहीं किया। बाद में पहुंचे प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने मामला आगे बढ़ने से रोका। विभाग के हेड ने दोनों छात्राओं को निलंबित कर दिया है।
बीबीए प्रथम वर्ष की दो छात्राओं के बीच सोमवार को मामूली बात पर कहासुनी हो गई थी। विभाग के हेड ने दोनों छात्राओं द्वारा माफी मांगने पर छोड़ दिया। मंगलवार को एक छात्रा अपने दोस्तों का गुट लेकर कॉलेज पहुंच गई। इसमें लड़के भी थे और कुछ लड़कियां भी। जब तक दूसरी छात्रा अपने गुट को बुलाती तब तक छात्राओं में मारपीट होने लगी। थोड़ी ही देर में दूसरी छात्रा का गुट भी पहुंच गया। दोनों गुटों में जमकर गाली-गलौज और मारपीट हुई। इसी बीच सूचना चीफ प्रॉक्टर डॉ. एसपी मौर्या तक पहुंच गई। वह प्रॉक्टोरियल बोर्ड के साथ मौके पर पहुंच गए। यह देखकर दोनों गुट तितर-बितर हो गए। मामला विभाग के हेड के पास पहुंचा। उन्होंने दोनों को अग्रिम आदेश तक निलंबित कर दिया।
दोनों छात्राओं के बीच सोमवार को कहासुनी हो गई थी। माफीनामा के बाद मामला सुलझ गया था। मंगलवार को छात्राएं अपने-अपने गुटों को लेकर आ गईं। शिकायत मिलने के बाद दोनों को निलंबित कर दिया गया है।
-डॉ. राजीव मेहरोत्रा, हेड, बीबीए विभाग
बीसीए छात्र का निलंबन वापस
बरेली कॉलेज में बीसीए चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र देवांश सारस्वत को अनुशासनहीनता के मामले में कॉलेज से निष्कासित कर दिया गया था। मंगलवार को उसके पिता चीफ प्रॉक्टर से बात करने पहुंचे। चीफ प्रॉक्टर के सामने छात्र ने माफी मांगी और पिता ने आश्वासन दिया कि छात्र अब दोबारा ऐसी हरकत नहीं करेगा। लिखित माफीनामा लेने के बाद छात्र का निलंबन वापस ले लिया गया।