थाना प्रेमनगर इलाके में बीडीए उपाध्यक्ष की कोठी के पास अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ लोगों ने भाजपा नेता गुलशन आनंद के चेहरे पर धूल फेंककर उनकी कार रोक ली और उन्हें अगवा करने की कोशिश की गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक घटना के बारे में कुछ खास क्लू नहीं मिल पाए हैं।
सोमवार रात करीब 10.45 बजे गुलशन आनंद गांधीनगर में अधीर सक्सेना के घर जागरण में गए थे। वहां से लौटने पर वह कार से स्टेडियम रोड की तरफ जा रहे थे, तभी उन्हें बीडीए उपाध्यक्ष की कोठी वाले चौराहे पर शक हुआ कि दो बाइक सवार युवक उनका पीछा कर रहे हैं। बाइक सवार युवकों ने ओवरटेक करके गुलशन आनंद की कार रोकने की कोशिश तो कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झोपड़ी में घुस गई। गुलशन ने कार से उतरकर जैसे ही पास पड़ी ईंट उठाई तो युवक उन्हें अगवा करने की कोशिश करने लगे। विरोध करने पर उनकी आंख में धूल झोंककर फरार हो गए। सीओ नीति द्विवेदी ने बताया कि भाजपा नेता के साथ हुई घटना की तहरीर मिल गई है। सीसीटीवी फुटेज निकलवाकर आरोपियों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।