ट्रेन की चपेट में आने से शिक्षक की मौत
चरखी दादरी।
शहर की ढाणी फाटक के पास मालगाड़ी ट्रेन की चपेट में आने से शिक्षक की मौत हो गई। रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर दादरी सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने इत्तफाकिया मौत होने संबंधी कागज कार्रवाई की है।
रेलवे पुलिस एएसआई सत्यवान ने बताया कि सोमवार दिन के समय ढाणी फाटक से कुछ दूरी पर मालगाड़ी की चपेट में आने से गांव दुबलधन-माजरा निवासी शिक्षक कुलदीप सिंह (44) की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए दादरी सिविल अस्पताल लाया गया जहां परिजनों को सूचित कर उनके बयान दर्ज किए। एएसआई सत्यवान के अनुसार परिजनों ने पुलिस बयान में बताया कि कुलदीप पिछले दिनों से लकवा की बीमारी से ग्रस्त था। वह गांव से दादरी में रोड़ी लेने के लिए आया था। पुलिस ने इस संबंध में इत्तफाकिया कागज कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया है।