कांशीराम कालोनी में मोहर्रम पर अलम की छड़ी निकालने को लेकर शनिवार को दो पक्ष आमने-सामने आ गए। पुलिस दोनों पक्षों के लोगों को थाने ले आई। थाने पर दोनों पक्षों के लोग जमा हो गए। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर दोनों पक्षों की सहमति से छड़ी को निकलवा दिया। कांशीराम कालोनी में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
शनिवार दोपहर काशीराम कालोनी के सलीम अलम की छड़ी लेकर खानकाहे नियाजिया आ रहे थे। कालोनी में रहने वाले रामसिंह ने इसे नई परंपरा बताकर हंगामा करना शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के लोगों को थाने ले आई। इसके बाद दोनों समुदायों के लोगों की थाने में भीड़ जमा हो गई। एसपी सिटी समीर सौरभ, सीओ द्वितीय स्नेहलता और एसीएम प्रथम भी पहुंच गए। एक पक्ष का कहना था कि छड़ी निकालना नई परंपरा है। वह किसी भी हाल में छड़ी नहीं निकलने देंगे। पिछले साल भी इसी तरह छड़ी निकाली गई थी जबकि दूसरे पक्ष का कहना था कि मन्नत की छड़ी नई परम्परा नहीं है। मन्नत की छड़ी कोई भी किसी इमामबाड़े पर चढ़ाने जा सकता है। अधिकारियों ने दोनों पक्षों में सहमति बनवाकर छड़ी निकलवा दी। यह भी तय हो गया कि दूसरे पक्ष देवी जागरण आदि धार्मिक अनुष्ठान कराएगा तो कोई विरोध नहीं करेगा। एहतियातन हल्का इंचार्ज को कालोनी पर नजर रखने को कहा गया है। एसपी सिटी समीर सौरभ ने बताया कि छड़ निकालने को लेकर विवाद था। दोनों पक्षों को बैठाकर बातचीत की तो सहमति बन गई। इसके बाद छड़ी को निकलवा दिया गया।
मोहर्रम के जुलूस में मारपीट, दो हिरासत में
बरेली। मोहर्रम का जुलूस निकलने के दौरान शनिवार रात बड़ा बाजार में दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इसका पता लगने पर कई अफसर मौके पर पहुंच गए। मारपीट करने के आरोप में दो युवकों को हिरासत में ले लिया गया है।
ख्वाजा कुतुब से निकला मोहर्रम का जुलूस शनिवार रात करीब साढ़े दस बजे बड़ा बाजार से गुजर रहा था। जुलूस के दौरान खाने पीने की चीजें लुटाने के दौरान एक ही समुदाय के दो पक्षों के युवकों में मारपीट हो गई, जिससे लोग इधर-उधर भागने लगे। जुलूस के साथ मौजूद पुलिस कर्मियों ने दो युवकों को हिरासत में ले लिया। इनमें कोहाड़ापीर के मुन्ना और आसिफ हैं। झगड़ने का पता लगने पर सिटी मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी प्रथम सिद्धार्थ मिश्रा और कोतवाल केके मिश्रा समेत कई लोग मौके पर पहुंच गए।
फतेहगंज पश्चिमी में ताजियों की जुलूस को लेकर हंगामा
फतेहगंज पश्चिमी। वार्ड लोधीनगर की कंचनपुरी नई बस्ती में नई परंपरा बताकर ताजियों के जुलूस का दूसरे समुदाय के लोगों का विरोध करते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। हालांकि विरोध के बाद ताजिये गाजेबाजों के साथ नई बस्ती में घुमाए गए। एसपी देहात यमुना प्रसाद ने बताया कि कोई नई परंपरा नहीं थी। जुलूस त्योहार रजिस्टर में दर्ज है। कुछ लोग बिना वजह विरोध करके माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे थे।
लोधीनगर वार्ड की कंचनपुरी नई बस्ती में मुस्लिम समुदाय के भी कुछ घर हैं। मोहर्रम पर नई बस्ती में ताजिए बनाकर आसपास में जुलूस की तरफ घुमाते हैं। शनिवार को मोहल्ले के लोगों ने गाजेबाजे के साथ ताजियों का जुलूस निकलना शुरू किया तो दूसरे समुदाय ने विरोध कर दिया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। श्रमिक नेता रामकृष्ण लोधी और जिला पंचायत सदस्य ममता गंगवार भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने नई परम्परा बताकर जुलूस को रुकवाने की मांग करनी शुरू कर दी। इसे लेकर मोहल्ले में हंगामा खड़ा हो गया। एसओ अशोक कुमार यादव पुलिस फोर्स पहुंच गए। विरोध करने वालों ने बताया कि पहले कभी यहां से ताजिए नहीं उठते थे। बच्चे अपने घरों के आसपास छोटे ताजिए घुमा लेते थे। जबकि त्यौहार रजिस्टर में जुलूस दर्ज था। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया।