जिला प्रशासन ने इलाकों में आधार कार्ड बनवाने के लिए कैंप क्या लगवाया, वसूली करने वाले सक्रिय हो गए। महानगर के लोगों का आरोप है कि बुधवार को आधार कार्ड के फार्म देने के नाम पर पांच रुपये और बैंक खाता खुलवाने के लिए 15-15 रुपये वसूले गए।
महानगर के कम्यूनिटी सेंटर में बुधवार को आधार कार्ड और बैंक खाते खोले जा रहे थे। मनोज थपलियाल और अशोक कुमार का आरोप है कि आधार फार्म के लिए उनसे पैसे मांगे गए। दूसरी जगह का आधार कार्ड नहीं बनवाने की भी बात कही। उनका आरोप है कि यहां एसबीआई में खाता खोलने के लिए बैठे लोग 15 रुपये फोटो कापी के और 35 रुपये एटीएम के लिए मांग रहे थे। महानगर में कैंप लगाए प्रधान के बेटे सत्यपाल ने बताया कि तीन से चार लड़कों ने जन धन खाते के फार्म भरने के लिए पूछा था, लेकिन ये कौन हैं उन्हें नहीं पता। उधर, सुभाषनगर में यूनाइटेड बैंक का शिविर लगा था। यहां 50-50 रुपये लिए जाने की शिकायत मिली तो अफसरों ने जाकर शिविर बंद कराया। गणेशनगर में भी आधार कार्ड और जनधन खाते के लिए पैसे मांगने की शिकायत आई है।
इस बारे में एसबीआई के जीएम अनिल चोपड़ा का पक्ष लेने की कोशिश की तो उनका फोन बंद था। आरएम गीता त्रिपाठी ने बताया कि वह अवकाश पर हैं। एटीएम के लिए पैसे लेने के सवाल पर उन्होंने अनभिज्ञता जताई।
कोई नहीं लगता पैसा
जन धन योजना में न तो फार्म की कोई कीमत है और न ही आवेदन की। अगर कहीं फार्म भरते हैं तो आवेदन करने के तीन से एक हफ्ते के बाद सूची बैंक में लगा दी जाएगी। यहां सौ रुपये खाते में जमा करने के बाद सीधे पासबुक और एटीएम कार्ड मिल जाएगा।