बरेली। बेटी को दहेज में दी गई कार पिता ने बेच दी। आरोप है कि दामाद ने जब तगादा किया तो ससुर ने उसे पीट दिया। विवाहिता ने पिता-भाई के खिलाफ बारादरी थाने में तहरीर सौंपी है।
बारादरी क्षेत्र निवासी युवती की शादी करीब पांच महीने पहले हुई थी। शादी में उनके पिता ने दहेज में कार दी थी। उन्होंने बताया कि शादी के एक महीने बाद ही पिता एक रिश्तेदार की शादी में जाने का बहाना कर कार ले गए थे। जिसे कई बार तगादा करने के बावजूद नहीं लौटाया गया। विवाहिता पिता से कार लौटाने को कहती तो वह परिजनों की बीमारी और कामकाज का बहाना बना देते थे। विवाहिता के मुताबिक कार के बारे में पूछताछ की तो पता चला की उनके पिता ने कार बेच दी है। विवाहिता के पति ने अपने ससुर-साले को अपने कैंट स्थित भाई की दुकान पर मिलने बुलाया। आरोप है कि यहां विवाहिता के पिता-भाई और साथियों ने उनके पति और जेठ के साथ गालीगलौज की और विरोध करने पर उन्हें पीट दिया।