डीजीपी की नाराजगी के बाद थाना किला से लाइन हाजिर किए गए इंस्पेक्टर केके वर्मा को सीबीगंज का चार्ज मिलने के 36 घंटे बाद ही क्राइम ब्रांच भेज दिया गया। बताया जाता है कि यह कार्रवाई भी डीजीपी के नाराजगी जताने के बाद ही की गई है। इसके अलावा तीन चौकी इंचार्ज समेत 34 सब इंस्पेक्टर भी बदले गए हैं, जिनमें 13 चौकी इंचार्ज भी शामिल हैं।
पिछले दिनों थाना किला में सपा नेता वैभव गंगवार ने गालीगलौज कर जमकर उत्पात मचाया था। इस मामले में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। वैभव गंगवार के उत्पात का वीडियो वायरल हुआ तो डीजीपी ओपी सिंह ने इस पर नाराजगी जताई। इसके बाद पुलिस ने आननफानन में रिपोर्ट दर्ज करके वैभव गंगवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं मामले को गंभीरता से न लेने पर तत्कालीन किला इंस्पेक्टर केके वर्मा को लाइन हाजिर कर दिया गया। सीबीगंज में सिपाही की हत्या के बाद इंस्पेक्टर श्रीकांत द्विवेदी को हटाकर मंगलवार रात ही केके वर्मा को तैनाती दी गई। बुधवार को क्राइम ब्रांच और सीबीगंज पुलिस ने सिपाही हत्याकांड का खुलासा किया। इधर, केके वर्मा को दोबारा चार्ज मिलने की खबर उच्चाधिकारियों को मिली तो नाराजगी शुरू हो गई। बताया जाता है कि डीजीपी ने भी इस पर कड़ी नाराजगी जाहिर की। इसके बाद तैनाती के 36 घंटे बाद ही इंस्पेक्टर केके वर्मा को वहां से हटाकर क्राइम ब्रांच भेज दिया गया। उनके स्थान पर इंस्पेक्टर बिथरी चैनपुर जय प्रकाश सिंह को सीबीगंज की जिम्मेदारी दी गई है। इंस्पेक्टर विशारतगंज उमेश सिंह को बिथरी चैनपुर भेजा गया है और थाना फतेहगंज पश्चिमी से एसआई प्रदीप कुमार को विशारतगंज का एसओ बनाया गया है। इसके अलावा देर रात एसएसपी मुनिराज जी. ने हाईवे की 13 चौकियों समेत विभिन्न थानों में तैनात 31 सब इंस्पेक्टरों का भी फेरबदल किया है। इनमें ट्रांसपोर्टनगर, नकटिया, करगैना, स्टेशन रोड, रिठौरा, सेंथल आदि शामिल हैं।