साइबर ठगों का जाल फैलता ही जा रहा है। इनकी जाल में फंसकर आए दिन कोई न कोई ठगी का शिकार हो रहा है। अब साइबर ठगों ने एक फौजी को अपना निशाना बनाया है। ऑनलाइन खरीदारी के कुछ दिन बाद फौजी के नंबर पर एक ऑफर निकलने का मैसेज आता है। फिर क्या ऑफर के झांसे पर आकर फौजी ने 80 हजार रुपये गंवा दिए।
आंध्र प्रदेश निवासी हवलदार पी. भास्कर इस समय बरेली में तैनात हैं। पी. भास्कर मुख्य डाकघर के पास रहते हैं। उन्होंने एक अक्तूबर को ऑनलाइन सॉकेट किट की बुकिंग की थी। सात अक्तूबर को एक मैसेज आया कि ऑनलाइन खरीदारी करने पर ऑफर में कार निकली है। इसके अलावा की कई मैसेज आए, जिसके बहकावे में फौजी आ गया।
इसके बाद फौजी पी. भास्कर ने सोनू नाम के व्यक्ति के बैंक खाते में 80 हजार सात सौ रुपये ट्रांसफर कर दिए। दो दिन बीतने के बाद फौजी को ठगी का एहसास हुआ। बुधवार को वह अपनी शिकायत लेकर एसएसपी मुनीराज जी के पास पहुंचे।
उन्होंने कैंट पुलिस को मामले की जांच करने के निर्देश दिए। साइबर ठगी होने के नाते मामले की जांच साइबर सेल करेगी। कैंट थाने ने साइबर सेल को मामले की जांच करने को कहा है।