बदायूं। शहर के रेलवे स्टेशन रोड पर सोमवार देर रात एक होटल में दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हो गया। उनके बीच मारपीट हो गई, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भेजा है।
सोमवार देर रात करीब साढ़े दस बजे स्टेशन रोड पर स्थित एक होटल पर दो युवक पहले से शराब पी रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसी समय जवाहरपुरी निवासी एक युवक अपने साथी के साथ उसी होटल पर खाना खाने पहुंचा। तभी दोनों पक्षों के बीच कुर्सी को लेकर विवाद हो गया। उन्होंने एक-दूसरे से गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों के बीच मारपीट हो गई। एक युवक ने जवाहरपुरी निवासी मोनू के सिर बाल्टी उठाकर मार दी, जिससे वह खून से लथपथ हो गया। इसकी सूचना पर सिविल लाइंस पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल को तुरंत जिला अस्पताल भेज दिया लेकिन दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।