बदायूं। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने सोमवार रात शेखूपुर के एक घर में छापामारी कर दो तस्करों को मौके से दबोच लिया, जबकि दंपति फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस ने मौके से गोमांस, चाकू, छुरे और तराजू-बाट बरामद किए हैं।
सोमवार रात पुलिस को सूचना मिली कि शेखूपुर निवासी इरशाद के घर में गोवंशीय पशुओं का वध किया जा रहा है। इसकी सूचना मिलते ही शेखूपुर चौकी इंचार्ज धर्वेंद्र कुमार सिपाहियों के साथ वहां पहुंच गए। उन्होंने इरशाद के घर को चारों ओर से घेर लिया। इस दौरान इरशाद की पत्नी सम्मी छत पर खड़े होकर निगरानी कर रही थी। उसने तुरंत शोर मचा दिया। इससे खुद भी भाग गई और इरशाद भी फरार हो गया। परंतु पुलिस ने मौके से खंडसारी मोहल्ला निवासी सुभान और आदिल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से पांच किलो गोवंशीय मांस, चाकू, छुरे, तराजू और बाट समेत अवशेष बरामद कर लिए। पुलिस ने चारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मंगलवार को सुभान और आदिल को जेल भेज दिया गया।