मितौली। थाना क्षेत्र के गांव आलपुर में गुरुवार को सरकारी नल पर कपड़ा और बोरा धोने को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्ष में जमकर लाठी लंडे चले। इसमें दोनों पक्ष के दो महिलाओं समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों में गंभीर एक महिला को मितौली सीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
गांव आलपुर निवासी सोबरन लाल वर्मा की विवाहित पुत्री 26 वर्षीय शिल्पी वर्मा और गांव के ही रक्षपाल सिंह वर्मा के बीच सरकारी नल पर कपड़े और बोरा धोने को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद रक्षपाल सिंह घर से लाठी लेकर आ गया। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे। देखते ही देखते दोनों पक्ष के लोग लहूलुहान हो गए। शिल्पी वर्मा के सिर में गंभीर चोट लगने से वह मरणासन्न हो गई, जबकि सोबरन लाल और दूसरे पक्ष की उमा देवी पत्नी रक्षपाल भी घायल हो गए। शिल्पी की हालत को मरणासन्न देख आरोपी रक्षपाल सिंह मौके से फरार हो गया। वहीं परिजन शिल्पी को लेकर मितौली सीएचसी पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के पिता सोबरन लाल ने बताया कि शिल्पी वर्मा की शादी चार साल पहले हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव बेलहरी निवासी पंकज वर्मा के साथ की थी, जो कुछ दिन पहले अपनी तीन वर्षीय पुत्री महिमा के साथ मायके आई थी। सोबरन लाल वर्मा के सिर में चोट लगी है, जबकि दूसरे पक्ष की उमा देवी पत्नी रक्षपाल के भी सिर में चोटें आई हैं। सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पहुंची और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया, जहां पर एहतियान पुलिस बल मुस्तैद रहा।
मृतका के पिता की ओर से तहरीर मिली है, जिसके आधार पर आरोपी रक्षपाल सिंह वर्मा और उसके पुत्र मंगल के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
- अरुण प्रताप सिंह, प्रभारी निरीक्षक