लखीमपुर खीरी। खेत की मेड़ पर आग ताप रहे एक किसान को गुुरुवार तड़के पास से गुजरी गन्ना भरी ट्रैक्टर ट्रॉली ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
थाना ईसानगर के गांव संडौरा निवासी स्वयं मिश्रा ने बताया कि वह अपने पिता सुशील (40) के साथ ट्रैक्टर लेकर खेत की जुताई करने गया था। पिता खेत की मेड़ पर गन्ने की पताई जलाकर आग ताप रहे थे, जबकि वह खेत जोत रहा था। इसी बीच गन्ना भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर निकले पड़ोसी गांव जगदीशपुर के एक युवक ने सुबह करीब 5.15 बजे पिता को कुचल दिया, जिससे पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर मौके पर छोड़कर भाग निकला। सूचना पर पहुंचे परिवार वाले घायल सुशील को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उनकी मौत हो गई। घर वालों की सूचना पर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव घर वालों को सौंप दिया है। सुशील की मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा है। मृतक की पत्नी गीता देवी, पुत्र स्वयं मिश्रा और सत्यप्रकाश का रो-रोकर बुरा हाल है।
शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। घर वालों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
- बृजेश त्रिपाठी प्रभारी निरीक्षक, थाना ईसानगर