सीबीगंज (बरेली)।
परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक दाल मिल की दीवार ढहने के बाद मलबे में दबे मजदूर की मौत होने से आक्रोशित मजदूरों ने मिल के दरवाजे पर ताला डालकर हंगामा किया। फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए मजदूरों ने सीबीगंज थाने में तहरीर सौंप दी। परिजनों के हंगामे के बाद पुलिस ने तहरीर ले ली, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
माधोबाड़ी निवासी आलोक गुप्ता पुत्र बाबू गुप्ता की दाल मिल में पांच साल से मीरगंज के नंद गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद पुत्र झम्मन लाल मजदूरी करता था। आलोक गुप्ता ने एक साल पहले अपनी दूसरी दाल मिल परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में रोड नंबर तीन पर वासुदेव फूड प्रोडक्ट के नाम से खोली थी। राजेंद्र प्रसाद को नई दाल मिल में काम करने के लिए भेज दिया गया था। शनिवार को दाल मिल की एक जर्जर दीवार अचानक ढह गई। मजदूर राजेंद्र प्रसाद उसके नीचे दब गया। गंभीर हालत में मजदूर को मिशन अस्पताल में भर्ती करवाया गया। शनिवार देर रात मजदूर की मौत हो गई।
परिजनों का हंगामा, सौंपी तहरीर
रविवार सुबह फैक्ट्री के मजदूरों ने प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए काम बंद कर दिया। मजदूरों ने मिल के दरवाजे पर ताला डालकर हंगामा शुरू कर दिया। मृतक के परिजनों की अगुवाई में मजदूरों ने सीबीगंज थाने पहुंचकर हंगामा किया। मिल प्रबंधन पर आरोप लगाते हुए तहरीर सौंपी गई।
जीडी पर डाला तस्करा, रिपोर्ट दर्ज नहीं
पुलिस कार्रवाई में ढिलाई देखकर परिजनों ने थाने में ही हंगामा किया। पुलिस ने हंगामे के चलते जीडी में खानापूर्ति के लिए तस्करा डाल दिया है। पुलिस ने परिजनों को शांत करवाया। हालांकि, रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
दाल मिल की दीवार की चपेट में आकर मजदूर की मौत हुई है। उसके परिवार की ओर से तहरीर मिल गई है। पुलिस कार्रवाई कर रही है।
- गणेश दत्त जोशी, इंस्पेक्टर, सीबीगंज