22 vehicles collided in thick fog, killing one
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
घने कोहरे में सुबह सात बजे बिलवा पुल के पास बड़ा बाईपास 22 वाहन आगे पीछे से टकरा गए। चार वाहन बिथरी चैनपुर इलाके में आपस में टकराए। टकराने वाले वाहनों में एक ट्रक पशुओं से भी भरा था। हादसे में डीसीएम ड्राइवर की मौत हो गई। जबकि 20 लोग जख्मी हो गए।
बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे भोजीपुरा इलाके के बिलवा गांव के सामने बड़े बाईपास पर फरीदपुर की ओर जा रहे ट्रक में तेज गति से पीछे से आई डीसीएम घने कोहरे की वजह से टकरा गई। वह ट्रक आगे चल रहे ट्रक में टकरा गया। पीछे से तीन कारें डीसीएम से आकर भिड़ गईं। इधर रामपुर जाने वाली साइड पर तीन ट्रक एक नेपाल से दिल्ली जा रही बस व दो कारें टकरा गईं। इसी लेन मे गायों से भरा ट्रक भी टकरा गया। चालक और हेल्पर ट्रक छोडकर भाग गये। घायल खुद ही शहर के निजी अस्पतालों मे उपचार हेतु चले गये। सूचना पर काफी देर से पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद बाद एक-एक करके करीब 18 वाहन इस स्थान पर पीछे से टकराए। हादसे में घायल हरिद्वार निवासी डीसीएम चालक विजय कुमार (45) की मिशन अस्पताल में मौत हो गई। सीओ नबावगंज इन्दुप्रभा सिंह भी मौके पर पहुंची और घायलों का बेहतर उपचार कराने के निर्देश दिए।
प्रभारी निरीक्षक हरेन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि घायलों मे आयुष व रिषी निवासी लखनऊ व फरीदपुर के ट्रक चालक शकील का पता चल सका है। उधर ट्रक मे भूसे की तरह ठूंस ठूंस कर भरी गईं गायों को ट्रक से उतारा तो 19 गाय मृत निकली। पुलिस ने ट्रक मालिक व चालक सहित अन्य लोगों के खिलाफ पशु क्रूरता व गौवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। बिथरी चैनपुर इलाके में बड़ा बाईपास पर सवेरे पांच बजे घने कोहरे में गोपालपुर गांव के पास फरीदपुर की तरफ से जा रहे ट्रक से सामने से गलत दिशा से आया डंपर आकर टकरा गया। शाहजहांपुर के निगोही के डोहरिया गांव का रहने वाला ट्रक चालक रविंद्र जख्मी हो गया। इसी ट्रक के पीछे से दूसरे ट्रक ने आकर टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक के चालक अमर पाल निवासी ग्राम परतिया, जिला संभल चोटिल हो गया। दो ट्रक इनके पीछे से आकर भिड़ गए। घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।