बरेली। कटरा-वाराणसी स्पेशल एसी ट्रेन की पैंट्रीकार में सोमवार को अवैध वेंडरों ने कब्जा कर लिया। जम्मू से रामपुर तक 830 किमी के सफर में फर्जी स्टाफ लोगों को खाना-पानी, दूध बेचता आया और रेलवे को इसकी भनक तक नहीं लगी। पता चलने पर सोमवार शाम को बरेली जंक्शन पर चेकिंग की गई, लेकिन रेलवे के ही किसी व्यक्ति के बताने पर यह फर्जी स्टाफ चेन पुलिंग कर सीबीगंज में ही उतरकर भाग चुका था।
स्पेशल ट्रेनों में पैंट्रीकार की सुविधा नहीं होती। इस ट्रेन में पैंट्रीकार लगी हुई थी जिसे जम्मू के रेलवे अधिकारियों ने इसे सील कर दिया था। लेकिन फर्जी वेंडर दो डिब्बों के बीच लगे बफर से पैंट्रीकार में घुस गए और यहीं से धंधा चलाने लगे। जम्मू से रामपुर तक इन लोगों ने जमकर बिक्री की। जंक्शन पर मुख्य टिकट निरीक्षक (सीआईटी) एके चौबे को इस बारे में सूचना मिली। ट्रेन शाम साढ़े पांच बजे जंक्शन पहुंचने पर चौबे के निर्देश पर टीटीई ओपी भारद्वाज, राजेश वर्मा और अरविंद शर्मा ट्रेन में गए तो देखा पैंट्रीकार का दरवाजा सील पाया। बफर से अंदर पहुंचकर देखा तो किचन का सारा सामान, चाय की केटली, स्नैक्स, टी बैग्स, दस लीटर दूध, पानी की बोतलें और भगौनों में खाना मिला। उन्होंने आरपीएफ/जीआरपी की मौजूदगी में सभी सामान प्लेटफार्म पर उतरवा लिया। माना गया कि जंक्शन पर कार्रवाई की सूचना पहले ही मिल चुकी थी। लिहाजा स्टाफ सीबी गंज स्टेशन पर चेन पुलिंग करके उतर गया।
अभी मामले की जानकारी नहीं है। स्टेशन अधीक्षक से मालूम करके उत्तर रेलवे के हेड क्वार्टर के अधिकारियों को रिपोर्ट भेजूंगा।
- अश्वनी कुमार, एडीआरएम मुरादाबाद डिवीजन।