बिथरी चैनपुर पुलिस ने हरियाणा लाई जा रही 102 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। यह शराब एक डीसीएम के फर्श में तहखाना बनाकर छिपाई गई थी। पुलिस ने डीसीएम की नंबर प्लेट के सहारे मालिक तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन वह भी फर्जी निकली।
सोमवार शाम 7:30 बजे कचौली गांव के पास बिथरी के थाना प्रभारी गोविंद सिंह चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान पुलिस की घेराबंदी देखकर डीसीएम छोड़कर चालक भाग निकला। पुलिस ने डीसीएम जांची तो पिछला हिस्सा बिल्कुल खाली था। शक होने पर फर्श जांची गई तो एक बटन लगा नजर आया। उसको दबाया तो फर्श का एक हिस्सा अपनी जगह से सरक गया। जिसके नीचे शराब की पेटियां लगी हुईं थी। पुलिस ने पेटियों की गिनती की तो 42 पेटी में 1920 पौव्वा और 60 पेटी में 1440 हाफ मिले हैं। यह अंग्रेजी शराब हरियाणा मार्का हैं।
रामगंगा में उतरी पुलिस, कच्ची शराब बनाने वाले को पकड़ा
बरेली। एसएसपी कलानिधि नैथानी के कच्ची शराब के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश के बाद रामगंगा कटरी में कच्ची शराब बनाने वालों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने रविवार रात में छापामारी की। कटरी में शराब बनाने वाले पुलिस को देखकर नदी में छलांग लगाकर भागने लगे। बदमाशों के पीछे पुलिसकर्मी भी नदी में उतर गए। वहां से एक आरोपी को कच्ची शराब बनाने के आरोप में पकड़ा है। पुलिस ने सौ लीटर कच्ची शराब बरामद करके नष्ट की है।