फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पांच सौ रुपये के लिए ट्रक के पीछे लगीं पुलिस की तीन जीपें, चलाई गोलियां

विज्ञापन
विज्ञापन
बहेड़ी। नवाबगंज से भूसे से ओवरलोड ट्रक लेकर बहेड़ी की ओर जा रहे ड्राइवर संजय कुमार की मानें तो सेंथल चौकी पर बैठी पुलिस ने पांच सौ रुपये की वसूली के लिए बदमाशों को भी पीछे छोड़ दिया। ड्राइवर का आरोप है कि सेंथल चौकी पर पुलिस वालों ने ट्रक रोककर उसे पांच सौ रुपये मांगे, लेकिन वह सिपाही को पहले की तरह सिर्फ सौ रुपये देकर आगे बढ़ने की गलती कर बैठा। कुछ ही देर बाद उसे एहसास हुआ कि पुलिस तीन जीपों और एक मोटर साइकिल से उसका पीछा कर रही है। उसने ट्रक की रफ्तार बढ़ाई तो पीछे से गोलियां चलनी शुरू हो गईं। इसके बाद एक दरोगा ने आगे आकर भी उसकी विंड स्क्रीन पर एक गोली मारी। घबराहट में ट्रक पलट गया। मौके पर भीड़ जुटी तो पुलिस वापस लौट गई।
विज्ञापन

बौड़ा गांव में रहने वाले संजय कुमार के मुताबिक वह काफी समय से भूसे का ट्रक चलाते आ रहे हैं। मंगलवार रात वह नवाबगंज से भूसे से भरा ट्रक लेकर बहेड़ी की ओर जा रहे थे। सेंथल पुलिस चौकी जब हमेशा की तरह सिपाही उनका ट्रक रोकने आया तो उसने सौ रुपये का एक नया नोट उसकी मुट्ठी में थमा दिया, लेकिन सिपाही पांच सौ रुपये मांगने लगा। उसकी बात को नजरंदाज करके उसने ट्रक आगे बढ़ा दिया। संजय का कहना है कि चौकी के गेट के पास बैठे दरोगा ने गालियां देते हुए उसे रुकने को कहा, लेकिन घबराहट में उसने ट्रक नहीं रोका। इस पर चौकी से दो जीप और एक बुलेट बाइक पर पुलिस उसका पीछा करने लगी। वह और तेज भागा लेकिन देवरनियां थाने के पास से एक और जीप उसके पीछे लग गई।
संजय का कहना है कि वह इस बात से बुरी तरह डर गया कि पुलिस उसे पकड़कर पीटेगी। पुलिस को डराने के लिए उसने कई बार डिवाइडर पर ट्रक चढ़ाया लेकिन फिर भी पुलिस ने पीछा नहीं छोड़ा। रास्ते में दो जगह पुलिस ने ट्रक पर फायरिंग की तो वह और घबरा गया। बहेड़ी के 82 फुटा रोड के पास पुलिस की गाड़ी उसके काफी करीब आ गई। पुलिस ने वहां भी ट्रक पर कई फायर किए। एक दरोगा ने सामने से आकर फायर कर दिया। गोली ट्रक के शीशे पर जा लगी। इसी बीच ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। वह जैसे-तैसे बाहर निकला तब तक आसपास के काफी लोग भी वहां इकट्ठे हो गए। भीड़ को देखकर पुलिस की तीनो जीपें वापस पीछे चली गईं। ट्रक पलटने से उसे कई चोटें आई हैं लेकिन जान बच गई। संजय कुमार ने बताया कि उसने इस मामले की शिकायत अभी किसी अधिकारी से नहीं की है। फोन करके ट्रक मालिक को बताया है, उनके आने पर वह पुलिस वालों के खिलाफ तहरीर देगा। वहीं सेंथल व देवरनियां पुलिस से इस घटना के बारे में पूछने पर चुप्पी साध ली।
विज्ञापन


हाईवे पर ट्रकों से होती है जमकर वसूली
यह अधिकारी भी जानते हैं कि हाईवे की पुलिस चौकियों पर रात भर ट्रकों से पुलिस वसूली करती है। पिछले साल पशु तस्करी के मामलों की जांच कराई गई थी तो ऐसे कई मामले उजागर होने के बाद हाईवे पर तैनात पुलिस वालों के बड़े पैमाने पर ट्रांसफर भी किए गए थे। हालांकि इसके बावजूद यह सिलसिला नहीं रुका। हाईवे की चौकियों पर अपनी तैनाती कराने के लिए पुलिस वालों की जोड़तोड़ और अफसरों से इसकी सिफारिशें कराना भी आम बात रही है।

इस तरह की फिलहाल कोई शिकायत नहीं आई है। अगर ऐसा है तो इस प्रकरण में जांच कराई जाएगी। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट होगी। - अशोक कुमार, सीओ बहेड़ी

पुलिस क्यों ट्रक का पीछा कर रही थी, इस तथ्य को जानना भी जरूरी है। अगर ट्रक ड्राइवर वसूली का आरोप लगा रहा है और स्थानीय पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही तो वह मुझसे मिल सकता है, मैं कार्रवाई कराऊंगा। - राजेश कुमार पांडेय, डीआईजी रेंज
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें