मेरा हक फाउंडेशन की अध्यक्ष फरहत नकवी को जान से मारने की धमकी देने के मामले में एफआईआर दर्ज करने के बाद शनिवार शाम किला पुलिस ने नकटिया की मुस्तफानगर कॉलोनी में रहने वाले आरोपी अहमद रजा खां को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अहमद रजा ने शुक्रवार रात फोन पर फरहत को गोली मारने और चेहरे पर तेजाब डालने की धमकी दी थी।
फरहत नकवी के मुताबिक शेरगढ़ के गांव बरीपुरा में रहने वाली साजिदा शुक्रवार को उनसे मदद मांगने पहुंची थीं। साजिदा ने उन्हें बताया था कि उनका शौहर अहमद रजा खां उनसे अक्सर मारपीट करता है। कुछ दिन पहले उसने मारपीट कर उन्हें घर से निकाल दिया है। इस पर फरहत ने साजिदा के शौहर अहमद रजा खां का पक्ष जानने के लिए उसे फोन किया था ताकि पति-पत्नी के बीच समझौता कराया जा सके। अहमद रजा खां ने पहले तो फरहत के पास आकर अपना पक्ष रखने की बात कही, लेकिन कुछ देर बाद ही फरहत को फोन करके गालियां देने लगा। फरहत के मुताबिक अहमद ने फोन पर उनसे कहा- मुझे हल्के में मत ले, मैं मुख्यमंत्री की गाड़ी चलाता हूं। तुझे गोली मारकर 24 घंटे के अंदर 302 के मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगवा दूंगा। तुझे मारने से पहले तेरे चेहरे पर तेजाब डाल दूंगा। शनिवार को इस संबंध में फरहत नकवी ने किला पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आरोपी अहमद रजा को गिरफ्तार कर लिया।