बरेली। नगर कीर्तन और दरगाह के लिए जाते चादरों के साथ जायरीनों से कुतुबखाना चौराहा से लेकर चौपुला चौराहा तक वाहनों की लंबी कतार फंसती चली गई। चौपुला चौराहा से जाम बढ़कर किला पुल तक पहुंचा। ट्रैफिक पुलिस के डायवर्जन और पूरी ताकत झोंकने के बावजूद जाम से चार घंटे बाद ही निजात मिल सकी। इस दौरान कोतवाली वाली सड़क को एक घंटे के लिए बंद रखकर बिहारीपुर चौकी होकर चौपुला चौराहा की तरफ जाने वाले रास्ते से वाहनों को चलाया गया।
रविवार शाम को नगर कीर्तन सुभाषनगर से शुरू होकर कोतवाली रोड होकर कुतुबखाना तक पहुंचा था। इस दौरान पूरा ट्रैफिक डायवर्ट करके बिहारीपुर वाली सड़क पर भेजा गया। इस रूट की सभी लिंक रोडों पर पुलिसकर्मी तैनात करके वाहनों को सीधे चौराहा की तरफ ही भेजा जाने लगा। जिसका असर यह हुआ कि चौपुला पर वाहन फंसने लगे। वाहनों का दबाव बढ़ने के बाद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के लिए संभालना मुश्किल हो गया। पुलिस कंट्रोल रूम से भी व्यवस्था संभालने के लिए लगातार वायरलेस चलते रहे। कुतुबखाना चौराहा से पहले यातायात पुलिस ने घंटाघर के पास बैरियर लगाकर वाहनों को रोका था। कोहाड़ापीर की तरफ से आने वाले वाहनों को बिहारीपुर होते हुए चौपुला की तरफ भेजा गया।