महिला चौकीदार की पिटाई कर लूटपाट
गोला गोकर्णनाथ। बांकेगंज रोड स्थित तहसील के पीछे एक कृषि फार्म पर रविवार की रात बदमाशों ने धावा बोल दिया। महिला चौकीदार को बांधकर उसकी पिटाई की और राशन, जेवर समेत हजारों रुपये का सामान लूट ले गए। पीड़िता ने तहरीर दी है।
क्षेत्र के गांव कोंधवा निवासी स्वर्गीय राजाराम की 60 वर्षीय पत्नी फूलमती गोला देहात निवासी सिद्दीक के फार्म पर चौकीदारी करती है। फूलमती ने बताया कि रविवार की रात वह फार्म में बने कमरे के बाहर पड़े छप्पर के नीचे सो रही थी। रात करीब 11 बजे तीन बदमाश आ धमके। एक बदमाश ने उसकी कनपटी पर तमंचा लगा दिया। दो बदमाशों ने उसे उसी की धोती से बांध दिया और पिटाई कर कमरे में रखा 25 किलो राशन, 15 लीटर डीजल, बर्तन, कान के टप्स, नाक का फूल आदि लूटकर फरार हो गए। फूलमती ने बताया कि फार्म पर पहले उसके पति काम करते थे। उनके निधन के बाद गरीबी के कारण वह भी चौकीदारी करने लगी। बेटे, बहुएं गांव में रहते हैं। घटना के बाद किसी तरह बंधनमुक्त होकर फूलमती ने फार्म के दूसरे छोर पर चौकीदारी कर रहे अनवर और सद्दीक के पुत्र प्रधान प्रतिनिधि शकील अहमद को घटना की जानकारी दी। सोमवार की सुबह सूचना पर पहुंचे गोला चौकी इंचार्ज विनोद कुमार ने मौका मुआयना किया। पीड़िता से जानकारी और तहरीर लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।