बरेली/हाफिजगंज। पब्लिक के हाथ पकड़े चोर ने पुलिस की टेंशन काफी हद तक कम कर दी है। उसने अपने दो और साथियों को पकड़वाकर भोजीपुरा की हत्या और चोरी की वारदात के साथ ही देवरनिया की चोरी करना भी कबूल कर लिया। पुलिस आजकल में ही दोनों मामलों का खुलासा कर देगी।
सोमवार सुबह कस्बे के लोगों ने गन्ने के खेत में चोरों को घेर लिया था। इनमें से एक सेंथल निवासी अनीस अहमद को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। उसके बाकी साथी भाग गए। ये लोग हाफिजगंज निवासी अफजल के घर में चोरी करके भागे थे। अफजल घर में ताला डालकर रविवार को रिश्तेदारी में गांव पृथ्वीपुर नवदिया गए थे। अनीस से पूछताछ के बाद हाफिजगंज पुलिस ने दो और आरोपियों को उठाया। इनसे पूछताछ के बाद अफजल के घर की चोरी तो खुली ही, दो और बड़े मामलों का खुलासा हो गया। मंगलवार दोपहर एसपी देहात डॉ. संसार सिंह ने इनसे पूछताछ की। एसपी क्राइम रमेश भारतीय ने भी अपनी टीम के साथ जाकर जानकारी जुटाई। बताते हैं कि आरोपियों ने दो जून की रात भोजीपुरा के जनक जागीर के कई घर में चोरी और पकड़ने की कोशिश में बबलू पुत्र हरिप्रसाद की हत्या की बात कबूल की। साथ ही 22 जून को देवरनिया के गांव बड्डूनगर में दो घरों और एक दुकान से लाखों की चोरी की बात भी कबूल की। बताते हैं कि चोरों के पास सब्बल से लेकर चोरी में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण मिले हैं। गैंग के कुछ और सदस्यों की भी धरपकड़ की जा रही है।
बरेली के मुनीम को लूटने वाला भी दबोचा
- 14 जून की शाम बरेली-पीलीभीत हाइवे पर हाफिजगंज थाना क्षेत्र में राजघाट पुल पर तमंचे के बल पर बरेली की जायसवाल बैटरी के मुनीम विनोद शर्मा से एक लाख 87 हजार रुपये नगदी लूट ली गई। मुनीम व गाड़ी ड्राइवर को पीटकर तमंचे से फायरिंग करते हुए बदमाश फरार हो गए थे। इस खुलासे में क्राइम ब्रांच जीजान से जुटी थी। क्राइम ब्रांच ने चौबारी से ओमपाल नाम के बदमाश को उठाया है। बताते हैं कि ओमपाल ने घटना में अपने गैंग का हाथ बताया है। पुलिस उसके बताए स्थानों पर दबिश देकर दूसरे बदमाशों को पकड़ रही है।