चंडीगढ़। सेक्टर-37डी में सोमवार देर रात दो शोरूमों का ताला तोड़कर चोर 4.50 लाख के जूते-चप्पल और 2.37 लाख रुपये कैश समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस दोनों वारदातों में एक ही गैंग का हाथ मान रही है। हालांकि, अभी तक पुलिस को कोई सुराग नहीं लगा है।
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-37डी एससीओ 215 स्थित मोर रिटेल लिमिटेड के मैनेजर सुखपाल सिंह ने बताया कि रोजाना की तरह बीते 23 जून को भी शोरूम रात करीब 10 बजे बंद कर घर चले गए। अगली सुबह शोरूम में पहुंचा तो 2.37 लाख कैश गायब मिला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी। इसके अलावा इस शोरूम से करीब 100 मीटर दूर एसएसीओ 215 बाटा शोरूम के मैनेजर जारासंध सिंह ने पुलिस को बताया कि उन्होंने भी 23 जून की रात करीब साढ़े नौ बजे शोरूम बंद किया था। अगली सुबह करीब 10 बजे उनके स्टाफ ने बताया कि शोरूम के ताले टूटे हुए हैं। सारा सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने बताया कि शोरूम में करीब 7 लाख का स्टॉक रखा था, जांच की गई तो अंदर से 4.50 लाख के जूते व चप्पल गायब मिले। दोनों शिकायतों पर सेक्टर-39 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। वहीं, वारदात के बाद पुलिस ने वारदात स्थल और आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है ताकि आरोपियों की पहचान हो सके।