बरेली। बेटा, बेटी जवान होने के बावजूद शास्त्री मार्केट निवासी अरशद ने दूसरा निकाह कर लिया। उसकी पहली बीबी इंसाफ के लिए भटक रही है। उसने आला अफसरों को पत्र देकर पति के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।
कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली नसरीन ने बताया कि उसकी शादी 17 साल पहले शास्त्री मार्केट में रहने वाले अरशद के साथ हुई थी। उसके दो बेटे और एक बेटी हैं। नसरीन का मायका दिल्ली में है। पिछले दो साल से उसे ससुराल वाले प्रताड़ित कर रहे हैं। आए दिन मारपीट की जाती थी। परेशान होकर वह अपने मायके चली गई। उसकी गैर मौजूदगी में अरशद ने अपने परिवार वालों की सहमति से दूसरा निकाह कर लिया। पता लगने पर वह घर लौटी तो ससुराल वालों ने उसे ठिकाने लगाने का प्लान बना लिया। उसने कोतवाली जाकर शिकायत की तो कोई कार्रवाई नहीं हुई। मंगलवार को नसरीन पहले डीएम और फिर एसपी क्राइम से मिली। उसने पति और सास-ससुर के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।