बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में भाई के साथ घर से निकली छात्रा से बस्ती के युवक ने छेड़छाड़ की। छात्रा के परिवार ने विरोध जताया तो युवक ने घर में घुसकर परिजन से मारपीट की। मगर थाना पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। मंगलवार को छात्रा ने परिवार के साथ एसएसपी दफ्तर में शिकायत की तो रिपोर्ट लिखी गई।
शिकायत के मुताबिक तीन दिन पूर्व छोटे भाई के साथ जाते समय सोलह वर्षीय छात्रा से बस्ती के ही आवारा किस्म के युवक ने छेड़छाड़ की। युवक पहले भी छेड़छाड़ कर चुका था। छात्रा ने विरोध जताया और घर पहुंचकर घटना बताई। इसी बीच छात्रा के घर पहुुंचा शोहदा उसे धमकाने लगा। घरवालों ने विरोध किया तो उनसे मारपीट कर दी। इज्जतनगर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो मंगलवार को छात्रा परिजन के साथ एसएसपी दफ्तर पहुंची। यहां इंस्पेक्टर संजय गर्ग से शिकायत की तो उन्होंने इज्जतनगर इंस्पेक्टर से बात करके रिपोर्ट दर्ज कराई
छात्रा पहले थाने आई ही नहीं थी। हमने जानकारी कराई तो पता लगा कि आरोपी भी नाबालिग है। उसके छोटे भाई से कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया था। छात्रा की ओर से रिपोर्ट लिख ली गई है। आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। - मनोज त्यागी, इंस्पेक्टर इज्जतनगर
कॉलेज जाती छात्रा से की थी छेड़छाड़
इज्जतनगर थाना क्षेत्र में 18 मार्च को बीए के पेपर देने जाती छात्रा से एक व्यक्ति ने छेड़छाड़ कर उसे टेंपो में खींचकर ले जाने की कोशिश की। भीड़ ने आरोपी को पकड़ा तो वह पागल होने का नाटक करने लगा। पुलिस ने उसे शांतिभंग में जेल भेज दिया। बाद में छात्रा ने तहरीर दी कि पास खड़े पड़ोसी के कहने पर उस व्यक्ति ने ऐसा किया। अमर उजाला ने खबर छापी तो दस दिन बाद रिपोर्ट दर्ज की गई।
छात्रा का हाथ पकड़कर की छेड़छाड़
21 मार्च को सैदपुर हाकिंस में दुकान पर शैंपू लेने गई छात्रा से जाबिर नाम के युवक ने छेड़छाड़ कर हाथ पकड़ लिया। विरोध पर धमकी देता फरार हो गया। थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई तो जाबिर पकड़ा गया।
छात्रा को बाइक पर बैठाने की कोशिश
तीस मार्च को इज्जतनगर क्षेत्र में ही एक छात्रा को बाइक पर बैठाकर अगवा करने की कोशिश की गई। छात्रा के पिता ने बस्ती के ही दो शोहदों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि काफी समय पहले से ये लोग बेटी से छेड़छाड़ कर रहे थे। उसने शर्म की वजह से नहीं बताया।