बरेली/भमोरा। भमोरा थाना क्षेत्र की युवती को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म और हत्या करके बदायूं जिले में शव फेंकने की छह महीने पुरानी घटना का बुधवार को पर्दाफाश हो गया। एसपी देहात संसार सिंह ने प्रेसवार्ता में प्रेमी समेत तीनों आरोपियों को पेश किया। इसके बाद तीनों को जेल भेज दिया गया।
भमोरा इलाके के एक गांव निवासी अनुसूचित जाति की युवती को 25 नवंबर 2018 को गांव अहिरवारा निवासी दूसरे समुदाय का युवक नवासे पुत्र निसार फुसलाकर ले गया था। आरोप है कि दो साथी बब्बन व अफसर भी उसके साथ थे। पांच दिसंबर 2018 को युवती के पिता की तहरीर पर भमोरा पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली थी। इस बीच 21 दिसंबर को बिनावर थाना क्षेत्र में अब्बास के ईट भट्ठे के खंडहर में युवती का शव मिला। सिर में गोली मारकर उसकी हत्या की गई थी। तब बिनावर थाने में अज्ञात हत्यारों के खिलाफ रिपोर्ट करा दी गई। तब से बरेली और बदायूं पुलिस हत्यारों की तलाश में लगी थी। बरेली पुलिस को इसमें सफलता मिल गई। पुलिस ने तीनों आरोपी नवासे, बब्बन और अफसर को भमोरा तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। इनसे हत्या में प्रयुक्त तमंचा और दो कारतूस मिले।
सहेली के सिम से हुई थी दोस्ती
बरेली। एसपी देहात संसार सिंह ने बताया कि मृतका की एक सहेली से पहले नवासे का प्रेमप्रसंग था। शादी के बाद विदा होते वक्त वो अपना सिम सहेली को दे गई और नवासे से दोस्ती करा गई। तब से इनकी बातें होती थीं। नवासे भरोसा देकर युवती को साथ ले गया और फिर दोस्तों के साथ मिलकर कई दिन तक युवती को रिश्तेदारियों में रखकर दुष्कर्म किया। एसपी देहात ने बताया कि नवाबगंज, बिनावर व अन्य स्थानों पर जहां युवती को रखा गया, उन रिश्तेदारों के नाम भी पुलिस आरोपियों में शामिल करेगी।